
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जमीनों को अपनी बताकर फर्जी रुप से बिक्री करने वाले गिरोह को पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।जानकारी के अनुसार श्याम सिंह पुत्र तेजराम निवासी ग्राम वनपोई कोतवाली मोहम्मदाबाद ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में दर्शाया कि उसका एक मकान ग्राम सुल्तानपुर थाना कमालगंज में भी है। जो मुझे ननिहाल से मिला है। मेरा खेत ग्राम सुल्तानपुर थाना कमालगंज में कानपुर रोड पर स्थित है। 15 अक्टूबर को गांव के ही कुछ लोग मेरी जमीन को अपनी जमीन बताकर अरविंद निवासी याकूतगंज थाना कोतवाली फतेहगढ़ को बेचने के उद्देश्य से दिखाने के लिए गये थे। अरविंद जब मेरे खेत की नापजोख कर रहा था, उसी समय गांव के महेश सिंह जो रिश्ते में मेरे मामा लगते हैं उन्होंने मुझे इस संदर्भ में जानकारी दी कि कुछ लोग तुम्हारी जमीन बेचने की बात कह रहे हैं। जिस पर श्याम सिंह अरविन्द से मिला और उन्हें पूरी जानकारी दी। तब अरविंद को हकीकत पता चली। अरविन्द ने यह भी बताया कि उपरोक्त लोगों में से एक व्यक्ति अपने को आपका लडक़ा बता रहा था। अरविन्द ने बताया कि जमीन की नाम जोख के बाद उसने १० हजार रुपया बतौर बयाना भी उपरोक्त लोगों को दिया था। जब मैं दूसरी बार जमीन नापने गया तब जानकारी हुई की यह जमीन आपकी है। श्याम सिंह ने बताया कि 10 दिन पहले भी कुछ लोग मेरी जमीन बेचना चाहते थे। इन लोगों ने मेरे भाई के फर्जी आधार कार्ड बनवा लिए हैं। 24 नवंबर को शाम 4.00 बजे अरविंद ने अपने फोन से मुझे फोन कर बताया कि तुम्हारी जमीन का जो लोग सौदा कर रहे थे और बयाना लिया था वह लोग फिर मेरे पास आये हैं। आप जल्दी आ जाइये। जिस पर मैं अपने ताऊ के लडक़े सूरज व साढ़ू के लडक़े कुलदीप को लेकर चौकी पहुंचा और चौकी इंचार्ज को घटना की जानकारी दी। जिस पर बताये गये स्थान पर जब मैं पहुंचा, तो अरविंद ने हम लोगों को देखकर बताया कि यह वही लोग हैं जो जमीन तुम्हारी बेच रहे हैं। जिस पर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान एक ने अपना नाम सहदेव पुत्र हेतराम निवासी मधवापुर थाना जहानगंज, रोहित कुमार पुत्र वीर सिंह निवासी फतेहपुर थाना कमालगंज, संदीप पुत्र गिरीश चंद गुप्ता निवासी बजरिया फील्ड कटरा बक्शी थाना मऊदरवाजा, जसकरण पुत्र धनपाल निवासी रतनपुर थाना जहानगंज, पांचवें व्यक्ति ने अपना नाम करण पुत्र रामशरण निवासी बजरिया फील्ड कटरा बख्शी थाना मऊदरवाजा बताया। इन लोगों ने फर्जी आधार कार्ड जो मेरे भाई मानसिंह के नाम से बनवाया था, वह भी बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि यह लोग गैंग बनाकर वेश कीमती जमीनों को अपनी बताकर फर्जी तरीके से दूसरों को बेच देते थे। सभी का पुलिस ने चालान कर जेल भेज दिया।
