मुख्यमंत्री ने किया रामायण मेला कार्यक्रम के प्रथम पोस्टर का अनावरण

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व जनरल वी.के.सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया द्वितीय पोस्टर का अनावरण

अमिताब श्रीवास्तव
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या।
रामनगरी में परंपरागत तरीके से आयोजित होने वाले 42वें रामायण मेले के प्रथम पोस्टर (आवरण छवि) का अनावरण शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा तथा द्वितीय पोस्टर का अनावरण केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के.सिंह द्वारा सरयू अतिथि गृह में किया गया।प्रथम पोस्टर में रामायण मेला में होने वाले कार्यक्रम के क्रम में धनुष यज्ञ की तथा द्वितीय पोस्टर में जनक जी के द्वारा कन्यादान की लीला को दर्शाया गया है।आवरण छवि में भारतीय लोक कला पर आधारित अवध की लोककला को प्रदर्शित किया गया है जिसमें अवधी लोक कला और परंपरा की झलक स्पष्ट दिख रही है।आवरण छवि लोकार्पण के माध्यम से रामायण मेला में भारतीय लोक कला एव संस्कृति को दर्शाना है।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण मेला समिति द्वारा अयोध्या की गरिमा के अनुरूप कार्य किया जा रहा है।भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ की कुलपति मांडवी सिंह ने बताया कि रामायण मेले के माध्यम से स्थानीय रामलीलाओं के स्तर को वैश्विक रूप दिया जाएगा वहीं महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि रामायण मेले को विश्व स्तरीय बनाने में किसी भी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जाएगी तथा आगामी रामायण मेला 14 से 19 दिसंबर का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।समिति के संयोजक व डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशीष मिश्रा ने बताया कि रामायण मेले की गरिमा को विश्व स्तर पर पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।आवरण छवि को भित्ति फलक पर उकेरने का कार्य अवध विश्वविद्यालय की शिक्षिका रीमा सिंह ने किया है। 42वें रामायण मेला के प्रथम एवं द्वितीय पोस्टर के अनावरण में महापौर श्री त्रिपाठी,भातखंडे संस्कृति, विश्वविद्यालय लखनऊ की कुलपति मांडवी सिंह,रामायण मेला समिति के संयोजक व डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशीष मिश्रा,अवध विश्वविद्यालय की शिक्षिका रीमा सिंह की उपस्थिति में सरयू अतिथि गृह अयोध्या में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *