

बीडीओ के निर्देश पर प्रधान ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफनाया
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। प्रशासन की लापरवाही के चलते आज सुबह दस गायें ट्रेन से कट गयीं। उनको जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
जानकारी के अनुसार आवारा गायें किसानों की फसलों को खाकर बरबाद कर रही हैं। जबकि शासन के निर्देश हैं कि आवारा गायों व सांडों को पकड़वाकर गौशला में बंद किया जाये। कई बार जिलाधिकारी भी बैठक कर मातहतों को इस प्रकार के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन मातहत डीएम की बात तो नजरंदाज कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि शुक्रवार को सुबह करीब ६ बजे थाना कमालगंज के ग्राम शेखपुरा गुमटी के निकट रेलवे ट्रेक पार कर रहीं करीब १० गायें ट्रेन से कटकर मर गयीं। शेखपुर के प्रधान राम सेवक उर्फ बबलू जाटव ने घटना की जानकारी बीडीओ को दी। बीडीओ श्रीप्रकाश ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की और जेसीबी को मंगाकर प्रधान को गायों को दफनाने का निर्देश दिया। बताया गया कि रेलवे गुमटी के निकट रेलवे के क्वार्टर खाली हैं। ठंड के कारण रात में गायें इन्हीं क्वार्टरों में ठहरती हैं। सुबह जब गायें रेलवे लाइन पार कर रही थी तभी ट्रेन की चपेट में आ गई। प्रधान बबलू ने बताया की एक गाय नाली में पड़ी थी जिसको गौशाला भिजवाया है। गायों के द्वारा आए दिन खून पसीने से तैयार फसलें चौपट की जा रही हैं। रात में किसान खेत में गायों की रखवाली करते हैं। प्रधान ने बताया कि ग्राम भोला नगला एवं धारा नगला के लोग पालतू गायों को छोड़ देते हैं। 50-60 के झुंड में आने वाली गाये चंद घंटे में ही फसल को चौपट कर देती हैं। उन्होंने बताया कि कि मेरे प्रधानी के कार्यकाल में गुमटी के निकट करीब 200 गायें ट्रेन से कटकर मर चुकी है। बीडीओ एवं एसडीएम से शिकायत करने के बावजूद गायों को छोड़े जाने पर पाबंदी नहीं लगाई जा रही है।
