सवा दो सौ डिब्बे हुए बरामद, मैनेजर की तहरीर पर दुकानदार पर मुकदमा दर्ज
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नकली मोबिलऑयल का विक्रय करने वाले मैकेनिक का कैस्ट्रॉल कंपनी के मैनेजर ने ग्राहक बनकर भंडाफोड़ कर दिया। इस दौरान उसके पास से सवा दो सौ नकली कैस्ट्रॉल ऑयल के डिब्बे बरामद हुए। कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर थाना पुलिस ने बाइक मैकेनिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर में स्थिति एक टॉकीज के निकट बाइक मैकेनिक अंसार जो नगर के मोहल्ला शेरावाली टोला निवासी है। उक्त बाइक मेकेनिक द्वारा एक लंबे समय से कैस्ट्रॉल ऑयल के नाम पर नकली ऑयल बनाकर विक्रय किया जा रहा था। इसकी कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर कंपनी के मैनेजर लाल सिंह कदयान पुत्र शेर सिंह निवासी लांसर नेटवर्क लिमिटेड अधिकृत कैस्ट्रॉल इंडिया लिमिटेड 630 प्लान नंबर 3 बेस्ट एंड मार्क नई दिल्ली कर्मचारियो के साथ बुधवार को शमशाबाद नगर में स्थित उक्त मैकेनिक की दुकान पर छापा मारा। बताया गया है सबसे पहले कंपनी के मैनेजर ने टीम के साथ ग्राहक बनकर दुकानदार से जानकारी की। इसके बाद उन्होंने सूचना थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस बाइक मैकेनिक की दुकान पर पहुंची। जब कंपनी मैनेजर द्वारा दुकानदार से आवश्यक जानकारी के साथ प्रपत्र दिखाने को कहा, तो दुकानदार बंगलें झांकने लगा। दुकान के अंदर नकली कैस्ट्रॉल आयल बनाने का माल बरामद हुआ। 225 डिब्बे नकली बरामद किए गए। डिब्बों में बार कोड सर्च नहीं हो रहा था। डिब्बे का रंग भी हल्का था। यहां तक की प्राइस कुछ कम अंकित थी, जो नकली माल का इशारा थी। इसके अलावा एक कीप तथा पांच-पांच लीटर के कैन भी बरामद किए गये। साथ ही खाली डिब्बे भी बरामद किए गए। जिसके माध्यम से नकली ऑयल नए डिब्बों में भरकर ग्राहकों की जेब पर डांका डाला जा रहा था। फिलहाल कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर मौके पर पहुंची शमशाबाद थाना पुलिस आरोपी को थाने ले आई। पुलिस ने कंपनी मैनेजर की तहरीर पर आरोपी मैकेनिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
