अपने बीच में शीर्ष नेतृत्व को पाकर उत्साह से लबरेज हुए पार्टी कार्यकर्ता,किया जोरदार स्वागत
प्रभु श्रीराम सभी के आराध्य, यात्रा राजनीतिक नहीं-अनिल
अमिताभ श्रीवास्तव।
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। भगवान श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सोमवार को पहली बार सपरिवार अयोध्या पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का जोरदार स्वागत किया गया।स्वागत के बाद इन दोनों मुख्यमंत्रियों ने श्री राम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्री रामलला का दर्शन पूजन किया और फिर वापस हो लिए।इस दौरान अपने शीर्ष नेतृत्व को देखने और उनसे मिलने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनमानस में भी काफी ललक देखी गई हालांकि वाहनों के लंबे काफिले,समर्थकों के भारी हुजूम और पुलिस प्रशासन की चुस्त व्यवस्थाओं के चलते उनकी इच्छाएं पूरी न हो सकी।

इन सबके बीच यह जरूर रहा कि इन दोनों मुख्यमंत्रियों ने पार्टी परिवार के सदस्यों और आम जनमानस की भावनाओं का सम्मान करते हुए एयरपोर्ट पर उतरने से लेकर वापस एयरपोर्ट पहुंचने तक अपने वाहन के अंदर से उनके अभिवादन को सहर्ष स्वीकार कर उसका प्रतिउत्तर देते रहे जिससे लोगों का मनोबल और बढ़ा नजर आया।सोमवार की पूर्वाह्न महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचने पर जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल प्रजापति व अयोध्या प्रभारी संजीव निगम सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने गगनभेदी नारेबाजी के बीच दोनों मुख्यमंत्रियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों का शिष्टाचार स्वागत कर उनकी अगवानी की। इसी क्रम में एयरपोर्ट से रामनगरी में दाखिल होते ही महानगर अध्यक्ष कुलभूषण साहू,जिला उपाध्यक्ष सूरज प्रधान,अयोध्या विधानसभा अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव,महाराणा प्रताप वार्ड पार्षद सुफियान, महासचिव सुनील मौर्य, जिला उपाध्यक्ष संदीप पटेल,सत्य प्रकाश मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष गोसाईगंज हर्षवर्धन,शकुंतला देवी, गायत्री मिश्रा, यू.के द्विवेदी, इसराइल शारजाह,मास्टर दिलीप वर्मा व स्वर्णिम वर्मा आदि बहुत से साथियों ने रामनगरी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान का जोरदार स्वागत किया। स्वागत की श्रृंखला के बाद इन दोनों मुख्यमंत्रियों ने वाहन के लंबे काफिले के साथ सपरिवार श्री राम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्री रामलला का दर्शन पूजन किया और इसके बाद वहां से वापस हो गए।

इस दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्री प्रजापति ने बताया कि भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार आज सपरिवार दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने अयोध्या आकर उनका दर्शन पूजन किया है। इस दौरान का महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा अपने दोनों चहेते नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम सभी के आराध्य हैं और प्रभु श्री राम में सभी की आस्था है,इसे राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
रामलला का दर्शन मेरे लिए सौभाग्य-केजरीवाल
धार्मिक आस्था वाला देश है भारत-मान
अयोध्या। सोमवार को अयोध्या पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज रामलला का दर्शन पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।प्रभु राम का दर्शन करके असीम शांति का अनुभव मिला और बहुत अच्छा लगा जिसका वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि पूरे समाज और पूरे विश्व के लिए सौभाग्य की बात है।अयोध्या में भव्य और सुंदर मंदिर बनकर तैयार हुआ है।प्रतिदिन लाखों राम भक्त दर्शन पूजन करने आ रहे हैं, इस आस्था को देखकर दिल गदगद हो जाता है।उन्होंने कहा कि और हमने भगवान से सभी के लिए देश के लिए सुख शांति और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है।
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लंबे समय से जो इच्छा थी,वो आज पूरी हो गई। भारत धार्मिक आस्था वाला देश है।हम लोग इकट्ठे होकर देश के हर पर्व और त्यौहार को मनाते है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के सामने उन्होंने देश में तरक्की और सबसी खुशहाली सुख,शांति और भाईचारा की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि भारत एक गुलदस्ता है और गुलदस्ते में अलग अलग रंग के फूल है जिनकी अलग अलग खुशबू है।
