85 शिकायतें आयीं, सभी का निस्तारण करने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 85 शिकायतें आयीं। जिलाधिकारी ने मातहतों को गुणवत्तापूर्णक सभी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी द्वारा इस दौरान तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण भी किया। तहसील में साफ -सफाई का अभाव पाया गया। जगह-जगह सीलन पाई गई। अलमारियों में रिकॉर्ड अव्यवस्थित तरीके से रखे हुये पाये गये। जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी द्वारा तहसील दिवस शिकायत रजिस्टर में सही निस्तारण दर्ज न होने पर प्रभारी कानूनगो जहानगंज महेश्वर सिंह को परिनिन्दा प्रवृष्टि देने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा फरियादियों की समस्याओं का एक बार में निस्तारण न होने पर वह बार-बार तहसील के चक्कर लगाते है। यह ठीक नहीं है। इसलिए उनकी शिकायत का तत्काल प्रभाव से निस्तारण किया जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ शिकायतों का निस्तारण हो जाता है, लेकिन शिकायत दर्ज कराने वाले संतुष्ट नहीं होते हैं। शिकायत दर्ज कराने बाले को समझाना होगा हकीकत क्या है। जिलाधिकारी डॉ0 विजय कुमार सिंह के कड़े तेवर देख अधिकारी और कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
