
दमकल की गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
डीएम, एसपी ने घटना स्थल पर पहुंचकर हालत का लिया जायजा

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेला श्री रामनगरिया में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग लग गई। जिससे मेले में भगदड़ मच गयी। जब लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से राउटियों में रखे सिलेंडर भी फट गये। आग काण्ड से लगभग कई लोग झुलस गये और कई लापता है।

सूचना पर आनन-फानन में दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गयी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से झुलसे लोगों को एंबुलेंस की मदद से आनन-फानन में लोहिया पहुंचाया गया। सूचना पर डीएम डा0 वीके सिंह, एसपी विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये और हालत का जायाजा लिया। जिसके बाद सभी अधिकारियों ने लोहिया पहुंचकर घायलों के हालचाल लिये। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रीरामनगरिया मेला में आग लगने की घटना का निरीक्षण किया गया व घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य का जायजा लिया गया तथा घायलों के उपचार हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

जानकारी के अनुसार गुरुवार आधी रात के बाद पांचाल घाट पुल के निकट अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। जिससे कल्पवासियोंं व मेला देखने आये लोगों में भगदड़ मच गयी। अपने सामान और साथियों को बचाने में कल्पवासी झुलस गये। जिसमें 35 वर्षीय शिवरतन पुत्र बिजेंद्र सिंह निवासी ग्राम तलूका बड़ी सरैया मिर्जापुर शाहजहाँपुर, 25 वर्षीय जयवीर पुत्र सर्वेश निवासी कस्बा बिछवां मैनपुरी, 25 वर्षीय मनीष पुत्र प्रमोद तिवारी निवासी मझीला मछाला हरदोई, 80 वर्षीय रामकिशन पिता नन्हेलाल निवासी अम्हापुर राजेपुर, 80 वर्षीय सत्यवती पत्नी कन्हैयालाल निवासी सिंघामझालो मिर्जापुर शाहजहांपुर, 75 वर्षीय कौशल किशोर पुत्र भारत सिंह निवासी बेहटा गोकुलपुर हरदोई, 60 वर्षीय लीला देवी पत्नी कृष्ण कुमार निवासी गांव शिव मोहनपुर बेहटा गोकुलपुर हरदोई आदि के नाम शामिल है।

सभी को आनन-फानन में लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। अधिक झुलसे जयवीर को आगरा मेडिकल कालेज व सत्यवती व रामकिशन को सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गयी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर डीएम डा0 वीके सिंह, एसपी विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये और हालत का जायाजा लिया।

जिसके बाद सभी अधिकारियों ने लोहिया पहुंचकर घायलों के हालचाल लिये। तहसीलदार सदर श्रद्धा पाण्डेय ने भी लोहिया पंहुचकर घटना के संदर्भ में जानकारी की। वहीं मेला में लगी आग के दौरान 13 वर्षीय बालक गोविंद पुत्र राजेश निवासी पांचालघाट लापता हो गया है। उसका चाचा अज्जू उसे तलाशने लोहिया अस्पताल पंहुचा लेकिन वह नहीं मिला। पुत्र के न मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मामले पर तहसीलदार सदर श्रद्धा पांडे ने बताया कि सात मरीजों को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है, तीन मरीजों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। कल्पवासी शिव मोहन ने बताया कि सार्टसर्किट से आग लगी है और कई गैस सिलेंडर भी फटे हैं।
