धूमधाम से मना भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर कस्बा में स्थित ठाकुरद्वारा स्थल पर पिछले 9 दिवसों से राम कथा का आयोजन जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार चौहान की तरफ से चल रहा था। जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रोता अपनी पूरी आस्था से भगवान की कथा का रसपान किया। आज रामनवमी के दिन कथावाचक पंडित अरविंद कुमार शास्त्री द्वारा भगवान राम के जन्म की कथा श्रोताओं को सुनाई गई। उसके बाद 12:00 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। पूरा पांडाल हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं से भरा था। सभी मंगल गीत गाकर श्रीराम के नारों का उद्घोष कर रहे थे। भगवान श्रीराम के प्रकट होते ही जिला पंचायत सदस्य ने अपने परिवार सहित भगवान का तिलक कर पूजन अर्चन किया। उसके बाद अमृतपुर के पूर्व प्रधान नरेंद्र देव तिवारी ने भी पूजन कर पुष्प अर्पित किए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक प्रवीण भाई ने भी ठाकुरद्वारा स्थल पर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया। भगवान के जन्मोत्सव के बाद विशाल भंडारे का आयोजन जिला पंचायत सदस्य द्वारा किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सभी आने वाले श्रद्धालुओं का जिला पंचायत सदस्य के पुत्र प्रिंस चौहान स्वागत कर रहे थे। सुरक्षा की दृष्टि से अमृतपुर थानाध्यक्ष मिनेश पचौरी फोर्स के साथ मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *