फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी डग्गामार वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। डग्गामार वाहन भूसे की तरह सवारियां भरकर पूरे दिन फर्राटा भरते नजर आते हैं। यही नहीं सवारियों से मनमाना किराया वसूलते हैं। नानुकुर करने पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं।
जानकारी के अनुसार कायमगंज फर्रुखाबाद तथा लालगेट से राजेपुर, अमृतपुर, पांचालघाट तक डग्गामार वाहन पूरे दिन फर्राटा भरते है। जिससे जहां राजस्व को हजारों का चूना लग रहा है, वहीं यात्रियों की जान भी जोखिम में रहती है। सात-आठ सवारियों की जगह बारह से चौदह सवारियां भरकर तेजी से भगाते हैं। हालांकि इन वाहनों से कई दुर्घटनायें भी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस से महीनाबंदी के चलते इनके हौसले बुलंद हैं। जिससे यह बेरोकटोक चल रहे हैं। सुबह होते ही डग्गामार वाहन चालक सक्रिय हो जाते हैं। सबसे ज्यादा इनकी संख्या कायमगंज से फर्रुखाबाद रोड पर देखी जा सकती है। जबकि लालगेट के सामने पिकेट डियूटी करती है, उसके बावजूद इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। डग्गामार वाहन चालकों का कहना है कि वह पुलिस को महीना बंदी देते हैं। जिससे पुलिस उन पर कोई कार्यवाही नहीं करती है और वह आराम से डग्गामारी करते हैं।
मौत बनकर फर्राटा भर रहे डग्गामार वाहन
