शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। रविवार को गंगा दशहरा पर्व होने के कारण ढाईघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के बीच गंगा में डुबकी लगायी और सूर्य को अघ्र्य दिया। इसके साथ ही साथ गंगा पुत्रों को श्रद्धानुसार दान दक्षिण दी।
जानकारी के अनुसार गंगा दशहरा पर दान पुण्य का बहुत महत्व है। इसलिए भक्तों ने पौ फटते ही पांचाल घाट पर पहुंचकर हर-हर गंगे के बीच डुबकी लगायी और दान पुण्य किया। प्रशासन द्वारा कोई इंतजाम न किये जाने से जाम लग गया। हालांकि रुट डायवर्ट किया गया था, लेकिन इसके बाद भी भारी भीड़ के चलते व बड़े वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी। जिससे भक्तों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुस्सायी पुलिस ने कई वार श्रद्धालुओं पर डंडा चला दिया। सुबह से दोपहर तक ढाईघाट शमशाबाद मार्ग पर जाम के हालात देखे गए। किसी अनहोनी के चलते पानी में सांकेतिक बोर्ड लगाये गये थे। महिला स्नार्थियों के लिए भी सुरक्षित स्नान की व्यवस्था की गई थी। भीड़ इतनी थी पुलिस को संभालना मुश्किल हो रहा था। लोगों का कहना था इस बार गंगा मईया में श्रद्धालुओं को जमकर स्नान करते हुए देखा गया। प्रशासन द्वारा गोताखोरों को भी लगाया गया था। वहीं नगर में जगह-जगह गंगा दशहरा पर्व के चलते शर्बत के स्टाल लगाये गये थे। लोगों ने ठंडी शर्बत पीकर गर्मी से राहत महसूस की।
श्रद्धालुओं ने गंगा दशहरा पर किया स्नान, पुरोहितों को दिया दान
