अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। विद्युत की जर्जर लाइन आपस में छू जाने से निकली चिंगारी से झोपड़ी जलकर राख हो गयी। साथ ही उसमें रखा सामान व एक भैंस जलकर घायल हो गयी। एसडीएम व थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा लेखपाल को क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम कोलासोता के मजरा बेचेपट्टी निवासी कमला प्रसाद पुत्र राम लखन तिवारी की झोपड़ी के पास से विद्युत की लाइन निकली है। जर्जर तार झूलते हुए आपस में टकरा गये। जिससे निकली चिंगारी झोपड़ी पर आ गिरी। जिससे झोपड़ी देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज हवा व लू के चलते ग्रामीणों की कोशिश नाकाफी साबित हुई और देखते ही देखते झोपड़ी में रखा समस्त घरेलू सामान जल गया। पड़ोस में बंधी भैंस को बचाने में उसका पुत्र शिवम व पुत्री शिवांगी झुलस गये। कमल प्रकाश तिवारी ने बताया कि दुकान में नगदी व 5 लाख का सामान जलकर राख हो गया। घर में रखे 4 कुंतल गेहूं, 40 किलो चावल, रजाई, गद्दा, गृहस्थी का सामान भी जल गया। आग की लपटे गेहूं काटने वाले थ्रेसर में भी जा पहुंची। जिसको ग्रामीणों ने पानी डालकर बुझा लिया। पड़ोस के कृष्ण मुरारी पुत्र देशराज के घर में लगे 10 कुंतल गेहूं, धान, सरसों, पूरा गृहस्थी का सामान जल कर राख हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अमृतपुर रविंद्र सिंह, थाना अध्यक्ष अमृतपुर मीनेश पचौरी, क्षेत्रीय लेखपाल वरुण यादव, हलका इंचार्ज कल्लू सिंह, चौकी इंचार्ज जगभान सिंह मौके पर पहुंचे। फायरए ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पीडि़त का घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। एसडीएम अमृतपुर रविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की आग से हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है। भैंस के इलाज के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दे दी गई है। लेखपाल द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जल्द से जल्द अग्नि पीडि़त को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।
विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से जली गृहस्थी, भैंस जली
