मंडी सचिव बैठक में रहे अनुपस्थित,वेतन रोकने के डीएम ने दिये आदेश

प्रेशरहॉर्न व हूटर के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जाये
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में कर करेत्तर की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। वाणिज्य कर विभाग की वसूली कम पाई गई। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये गये। स्टाम्प एवं निबन्धन विभाग की राजस्व प्राप्ति लक्ष्य से कम पाई गई। परिवहन विभाग की राजस्व प्राप्ति लक्ष्य से कम पाई गई। विभाग द्वारा डग्गामारी पर प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जताई गई व निर्देशित किया कि प्रेशरहॉर्न व हूटर के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जाये। सभी विभागाध्यक्ष से प्रेशरहॉर्न हटाने का प्रमाणपत्र एआरटीओ प्राप्त करें। विद्युत विभाग की राजस्व प्राप्ति कम पाई गई। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया कि ट्रान्सफार्मर का रिप्लेसमेंट समय से हो व सभी जर्जर तार व केबिल चेंज किये जायें। सातनपुर मंडी समिति के सचिव का बैठक में उपस्थित न होने पर वेतन रोकने के आदेश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। नगर निकायों को सिंगल यूज पॉलिथीन के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिये गये। खनन विभाग की राजस्व प्राप्ति कम पाई गई। खनन अधिकारी द्वारा प्रवर्तन का कार्य नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा खनन अधिकारी के निलंबन के लिये शासन को लिखने के निर्देश दिये गये। बैठक में अपर जिलाधिकारी व सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम के एक्शन पर सात वाहन सीज

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी का आदेश मिलते ही अधीनस्थ एक्शन मोड में आ गये हैं। डीएम ने बैठक के दौरान निजी वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगे हों तो उन्हें सीज करने के आदेश दिये। जिस पर तुरंत कार्यवाही करते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया। और चेकिंग में 7 वाहन सीज किये गये। काली फिल्म तथा प्रेशर हॉर्न के साथ पकड़ी थार गाड़ी को पकडक़र सीज कर दिया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, क्षेत्राधिकारी यातायात जय सिंह परिहार, यातायात प्रभारी रजनेश कुमार तथा खनन अधिकारी संजय प्रताप की टीम द्वारा संयुक्त रूप से राजेपुर तथा अमृतपुर थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग की गयी। चेकिंग में थाना राजेपुर में छह वाहनों को सीज किया गया तथा उन पर 2.70 लाख का जुर्माना लगाया गया। राजेपुर क्षेत्र में ही दो निजी बोलेरो गाडिय़ों को सवारी ले जाते हुए पकड़ा गया और उनका चालान किया गया। अमृतपुर थाना क्षेत्र में एक काले रंग की थार गाड़ी काली फिल्म तथा प्रेशर हॉर्न लगाकर संचालित पाई गई। गाड़ी की काली फिल्म को मौके पर ही उतारा गया तथा थार गाड़ी को थाना अमृतपुर में सीज कर उस पर 21000 का जुर्माना लगाया गया। थाना अमृतपुर में ही रेत से लदे डंपर पर 61000 का जुर्माना लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *