आर्मी पब्लिक स्कूल में मनाया गया योग दिवस

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में दशम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े धूम-धाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ गायत्री मन्त्र और योग शास्त्र के प्रणेता महर्षि पतञ्जलि की योग प्रार्थना के साथ हुआ। विद्यालय के शिक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र को सम्बोधित करते हुए विश्व समुदाय से अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का आवाह्न किया। उनके आवाह्न पर 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 177 देशों ने इसका समर्थन करते हुए 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने के लिये अनुमोदन किया, तभी से प्रति वर्ष 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में सम्पूर्ण विश्व में मनाया जाता है। शिक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। इसके बाद अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित अभ्यास क्रम के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन तथा प्रणव, भ्रस्तिका, कपालभाति आदि प्राणायामों का अपने कुशल निर्देशन में अभ्यास कराते हुए उनसे होने वाले लाभों के बारे में बताया।
शिक्षक डा0 सुनील कुमार त्रिपाठी ने सभी आगन्तुक योगोपासकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रमाण, विपर्यय, विकल्प, निद्रा और स्मृति इन मुख्य पांच चित्तवृत्तियों पर नियन्त्रण करना ही योग है। योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ता है। इसी अष्टांग योग के द्वारा ही हम अपनी इन्द्रियों को वश में करके शारीरिक स्वस्थता के साथ जीवन को सार्थक बना सकते हैं। सभी योग साधकों द्वारा सम्पूर्ण विश्व में और अपने आस-पास प्रेम, सौहार्द, एकात्मता एवं शान्तिपूर्ण वातावरण बनाने के लिए संकल्प लिया। सत्र का समापन समस्त विश्व के जनकल्याण, सुख और नीरोगी जीवन की कामना से युक्त शान्ति पाठ के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडिट्स के साथ विद्यालय परिवार के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *