8 अगस्त तक एयर इंडिया की फ्लाइट निलंबित
इजराइल और हमास के बीच बढ़ते जंग के बीच तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है. इसमें भारतीय नागरिकों को बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के मद्देनजर इजराइल की किसी भी “गैर-जरूरी यात्रा” से बचने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही मध्य एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर एयर इंडिया ने तेल अवीव की फ्लाइट आठ अगस्त तक के लिए रद्द करने का ऐलान किया है. एडवाइजरी में कहा गया है कि इजराइल में पहले से रह रहे लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी गतिविधियों को सीमित रखें और अपने निर्दिष्ट ईमेल या आपातकालीन संपर्क नंबर के माध्यम से दूतावास के साथ नियमित संपर्क में रहें. दूतावास की तरफ से नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की तरफ से तय किए गए प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा आपात स्थिति में दूतावास की 24*7 हेल्पलाइन पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। दूतावास ने दूरसंचार के साथ ईमेल भी जारी किया है। साथ ही जिन भारतीयों ने दूतावास में रजिस्टर नहीं किया है, उन्हें तुरंत एक लिंक से रजिस्टर करने के लिए भी कहा है।
इस बीच, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने शुक्रवार को 8 अगस्त तक तेल अवीव के लिए उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की. एयरलाइन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में चल रही स्थिति को देखते हुए तत्काल प्रभाव से तेल अवीव के लिए 8 अगस्त 2024 तक अपनी उड़ानों को निलंबित करने का निर्णय किया है. वे लोग पूरी स्थिति पर नजर रख रहे हैं. एयरलाइन की ओर से कहा गया कि इस अवधि के दौरान तेल अवीव से यात्रा के लिए कन्फर्म बुकिंग वाले यात्रियों को हर तरह की सहायता दी जा रही है. इसमें जिसमें पुनर्निर्धारण एवं टिकट कैंसिल करने पर एक बार की छूट शामिल है. बता दें कि इसके पहले भी एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए समय-समय पर अपनी फ्लाइट निलंबित करती रही है.
