शमशान घाट तक नहीं पहुंच पा रहे लोग, सडक़ पर कर रहे अंतिम संस्कार

बाढ़ के चलते शमशान घाट जाने वाला रास्ता हुआ बंद, ग्रामीण परेशान
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशान घाट पर बाढ़ के चलते पानी भरा होने से लोगों को शवों का दाह संस्कार करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे लोग सडक़ों पर ही शवों का दाह संस्कार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ढाईघाट गंगा नदी तट पर दाह संस्कार करने के लिए लाखों रुपए की लागत से शमशान घाट बनाया गया है। जिस पर दो जगह टीन शेड डाले गये हैं, लेकिन बरसात के मौसम में गंगा में आयी बाढ़ के कारण लोगों को शव का दाह संस्कार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग शवों को लेकर शमशान घाट तक नहीं पहुंच पाते हैं। जिससे वह शवों का दाह संस्कार सडक़ पर ही करते हैं। ऐसा ही एक वाकया आज शमशान घाट पर देखने को मिला। अर्थी के साथ आने वाले लोगों के लिए दो कमरे बनाये गये हैं, लेकिन उनमें ताला पड़ा होने से उनका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। वहीं यहां पर बनाये गये शौचालय भी काफी दुर्दशाग्रस्त हैं। जिसमें लोग लेट्रीन जाना मुनासिब नहीं समझते हैं। आज दाह संस्कार करने आए जिला एटा थाना अलीगंज के गांव फरसोली के रामसरन ने बताया कि हमें बरसात के चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के चलते अगर यहां पर बने शव का दाह संस्कार करने वाली जगह पर जाने के लिए रास्ता बना होता, तो शायद हमें इतना भटकना नहीं पड़ता और शव का दाह संस्कार करने में भी कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन आज हमें सडक़ पर शव का दाह संस्कार करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *