संभल हिंसा में शामिल 400 लोगों की पहचान

शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुई हिंसा की पड़ताल के लिए गठित न्यायिक आयोग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन सदस्यीय आयोग के दो सदस्य रविवार को संभल पहुंचे और हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अफसरों से जानकारी ली। आयोग की टीम जामा मस्जिद भी गई और मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की। इस बीच, मंडल आयुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि हिंसा के जिम्मेदारों के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहेे हैं। अब तक 400 लोगों की पहचान हो चुकी है। आयोग के अध्यक्ष हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश देवेंद्र कुमार अरोड़ा व सदस्य पूर्व पुलिस महानिदेशक एके जैन रविवार सुबह करीब दस बजे संभल पहुंचे। एक अन्य सदस्य सेवानिवृत्त अपर मुख्य सचिव अमित मोहन टीम के साथ नहीं पहुंच पाए। टीम ने मस्जिद के आसपास पुलिस और भीड़ के बीच हुई झड़प वाले क्षेत्र का मुआयना किया। टीम के साथ मौजूद पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई ने उन्हें पूरे बवाल की बिंदुवार जानकारी दी। इसके बाद टीम ने नखासा तिराहा व हिंदूपुरा खेड़ा इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने टीम को भीड़ के एकत्र होने और बवाल के बाद लौटने वाले रास्ते दिखाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *