चाचा व भाई को स्टेशन लेने जा रहे युवक की बाइक भिड़ंत में मौत

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। चाचा और छोटे भाई को रेलवे स्टेशन से लेने बाइक से जा रहे युवक की सामने से आई तेज रफ्तार बाइक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना कमालगंज के ग्राम नरायनपुर गढिय़ा निवासी राकेश कुमार के भाई संतोष कुमार और छोटा बेटा सत्यभान कायमगंज में दावत खाने के बाद ट्रेन से कमालगंज लौट रहे थे। उन्हें लेने के लिए राकेश कुमार का बड़ा बेटा आनंद कुमार बाइक से कमालगंज स्टेशन जा रहा था। बीती रात करीब 10:30 बजे जब आनंद मिर्जा नगला के पास से गुजर रहा था, तभी सामने से तेजी से आई एक बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने आनंद के मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल आनंद को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचे, जहां डॉ0 मानसिंह वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दुर्घटना में घायल दूसरा युवक अपनी बाइक लेकर मौके से चला गया, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने उसकी बाइक की नंबर प्लेट की फोटो खींच ली थी। इसी फोटो के आधार पर पिता राकेश कुमार ने बाइक संख्या यूपी 70 डीबी 6594 के चालक के खिलाफ टक्कर मारकर बेटे को मार डालने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों के मुताबिक आनंद हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था और करवा चौथ पर घर आया था। उसकी शादी करीब छह माह पहले ही पूनम से हुई थी। युवक की असमय मौत से पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *