‘छींक की तरह आएगी मौत, और रुमाल जेब में ही रह जाएगा’ – मौत से एक दिन पहले लगाया था यह स्टेटस

कंपिल, समृद्धि न्यूज। परिवार के एक बेटे की असमय मौत का दर्द अभी पूरी तरह भुलाया भी नहीं जा सका था कि दूसरे बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पुराने जख्म फिर हरे कर दिए। घर से काम पर लौटे युवक की अचानक मौत की खबर पहुंची तो परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, घटना से महज एक दिन पहले मृतक द्वारा लगाया गया व्हाट्सएप स्टेटस भी अब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हैं।

नगर के मोहल्ला बारहपत्थर निवासी अजय वर्मा (27) पुत्र स्वर्गीय श्री कृष्ण वर्मा उत्तराखंड के मसूरी स्थित एक होटल में काम करते थे। गुरुवार दोपहर मसूरी से परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि अजय की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। अजय की मौत की वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग हार्ट अटैक से मौत की बात कह रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि रोड एक्सीडेंट में वह बाइक समेत खाई में जा गिरे थे। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। परिजन शव को घर लाने की तैयारी में जुटे हैं। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के अजय के निधन से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्टेटस में बयां हुई थी अनहोनी की आहट

मौत की खबर सामने आने के बाद अजय का आखिरी व्हाट्सएप स्टेटस लोगों को झकझोर रहा है। उन्होंने बुधवार रात करीब 9:40 बजे अपने व्हाट्सएप पर जलती हुई चिता का एक वीडियो स्टेटस लगाया था। इस वीडियो के बैकग्राउंड में भगवान शिव को समर्पित भजन “शंभो शंकर नमः शिवाय, गिरिजा शंकर नमः शिवाय” की धुन बज रही थी और ऊपर लिखा था – “छींक की तरह आएगी मौत, और रुमाल जेब में ही रह जाएगा।” किसी को अंदाजा नहीं था कि शिव भजन की धुन के साथ मौत की अनिश्चितता को दर्शाने वाली यह पंक्ति अगले ही दिन खुद अजय के जीवन की कड़वी हकीकत बन जाएगी।

 नियति खींच ले गई अजय को

अजय हाल ही में घर आए थे। यहां करीब दस दिन एक दुकान पर काम भी किया, लेकिन उनका मन नहीं लगा। एक करीबी मित्र ने उन्हें कंपिल में ही अपने साथ काम करने का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन अजय ने रुकने से साफ इनकार कर दिया। मानो नियति उन्हें बुला रही थी, वह लगातार मसूरी लौटने की जिद पर अड़े रहे। आखिरकार परिजनों और परिचितों से विदा लेकर वह वापस काम पर चले गए और वहां पहुंचने के महज चार-पांच दिन बाद ही उनकी मौत की मनहूस खबर आ गई।

 पहले भी हो चुकी है एक भाई की संदिग्ध मौत

अविवाहित अजय छह भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। घर में वृद्ध मां और कंपिल में होटल चलाने वाला एक भाई व भतीजा रहता है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर रहकर आजीविका चलाते हैं। करीब दस वर्ष पूर्व अजय के दूसरे नंबर के भाई की भी दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। एक के बाद एक दो बेटों की मौत ने परिवार को एक बार फिर गहरी पीड़ा में डुबो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *