मंडलायुक्त ने की सीएम डैशबोर्ड व विकास योजनाओं की समीक्षा

दो अधिकारियों पर कार्रवाई के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कानपुर मंडल के मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की विकासपरक व जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से अनुपस्थित रहने पर मंडलायुक्त ने जिला क्रीड़ा अधिकारी और औषधि निरीक्षक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क कर उसकी संतुष्टि के आधार पर समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। वहीं, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत बैंक से होम लोन लेने वाले और 5 किलोवाट से अधिक बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित कर योजना से जोडऩे पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री आवास, जननी सुरक्षा, फैमिली आईडी, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, आयुष्मान कार्ड और धान खरीद सहित प्रमुख योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने पोर्टल के आंकड़ों और विभागीय अभिलेखों में समानता रखने तथा कम रैंकिंग वाली योजनाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *