असलाहधारी बदमाशों ने तमंचे के बल पर सर्राफ व्यापारी से की लूट

कंपिल, समृद्धि न्यूज। राहजनी की वारदातें सामने आने के बावजूद बदमाशों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। नहर पटरी पर सर्राफ से हुई लूट की घटना ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में राहजनी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन बदमाशों की धरपकड़ और वारदातों पर रोक लगाने को लेकर प्रभावी कार्रवाई न होने से लोगों में असंतोष है।

शुक्रवार शाम कटिया गांव में सर्राफ बंधन कुमार दुकान बंद कर कायमगंज स्थित घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने नहर पटरी पर उन्हें घेर लिया। तमंचा, सरिया और डंडे के बल पर बदमाश 80 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषणों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। सर्राफ के साथ कायमगंज निवासी उनके परिचित टेलर मुख्तयार भी थे। थैले में सोने के कुंडल, पायल, झुमकी, तोड़िया समेत अन्य जेवरात रखे थे। घटना के बाद पीड़ित कंपिल थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी उसे सरकारी वाहन से घटनास्थल ले गए और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस गश्त और निगरानी प्रभावी नजर नहीं आ रही है। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ पूर्व की घटनाओं का खुलासा कर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सीओ अजय वर्मा ने बताया कि सर्राफ से लूट का मामला संज्ञान में है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *