मिशन वात्सल्य के अन्तर्गत बाल संरक्षण की दी गई जानकारियां

बच्चों को कम से कम मोबाइल का करने दे इस्तेमाल: अनिल चन्द्रा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद विकास खण्ड के सभागार कक्ष में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन उप जिलाधिकारी/खंड विकास अधिकारी नितेश राज की अध्यक्षता में किया गया। उप जिलाधिकारी नितेश राज ने सभी से कहा कि जनपद की जन चौपालों में भी बच्चों से संबंधित योजनाओं एवं कानूनों के सम्बन्ध में जानकारी दी जाए तथा मोहम्मदाबाद क्षेत्र के विद्यालयों में समय-समय पर पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराकर बच्चों को जानकारी दी जाए और सभी हेल्पलाइन नंबर बताए जाएं। उन्होंने बाल श्रमिकों को चिन्हित कर अभियान अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्रा ने वर्तमान में घटित हो रहे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को मोबाइल के अधिक प्रयोग से बचाएं, क्योंकि इससे उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ता है और वह अनजान लिंक पर क्लिक भी कर देते हैं, जिससे वह साइबर अपराधियो के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के विषय में जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक बच्चों को लाभान्वित कराने के लिए कहा।
बाल संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह ने किशोर न्याय अधिनियम 2015, पॉक्सो अधिनियम, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), बालश्रम, स्पॉन्सरशिप योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, दत्तक ग्रहण, चाइल्ड हेल्प लाइन नं0 (1098), महिला हेल्पलाइन 181, इमरजेंसी नंबर112 आदि के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माता पिता किसी भी दशा में अपने छोटे बच्चो को अकेला न छोड़ें। खंड चिकित्साधिकारी सोनी मिश्रा ने बच्चों के कुपोषित होने के कारणों पर जानकारी दी। कुपोषित बच्चों को एनआरसी वार्ड, जिला अस्पताल में भर्ती कराएं और बच्चों का नियमित टीकाकरण जरूर कराएं। थाना ए0एच0टी0 प्रभारी निरीक्षक हरिनंदन ओझा ने मानव तस्करी, बाल अपराध के विषय चर्चा कर बताया कि अपने बच्चों को प्रलोभन से बचाएं। इस अवसर पर बाल कल्याण पुलिस अधिकारी आशु कुमार, खण्ड शिक्षाधिकारी के प्रतिनिधि अश्वनी कुमार, कार्यकत्री रूबी सिंह, ब्लॉक समन्वयक विवेक यादव आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *