सडक़ निर्माण व मजदूरी भुगतान में अनियमितता के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सडक़ निर्माण व मजदूरी भुगतान में अनियमितता के खिलाफ ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया।
ग्राम मोहनपुर दीनारपुर के ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण और मजदूरी भुगतान में हो रही अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। सुरेंद्र के घर से मुन्नी शाह के घर तक की सडक़ की खस्ताहालत और बकाया मजदूरी को लेकर ग्रामवासियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को गांव के सैकड़ों लोग सडक़ पर उतर आए और धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामवासियों का कहना है कि सडक़ खराब होने के कारण उन्हें प्रतिदिन आवागमन में परेशानी हो रही है, शिकायत के बावजूद ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी व खंड विकास अधिकारी ने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। इसके अलावा सडक़ मरम्मत कार्य के लिए 12 मजदूरों ने 4 दिन तक काम किया था, लेकिन उनकी कुल 19,200 की मजदूरी का भुगतान आज तक नहीं किया गया। साथ ही मिट्टी डलवाने के लिए तय किए गए 50 हजार रुपये का भुगतान भी लंबित है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने समस्या सुलझाने का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। धरना प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वह ब्लॉक कमालगंज कार्यालय जाकर शिकायत प्रार्थना पत्र सौंपेंगे। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामवासियों की मांग है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और बकाया मजदूरी एवं अन्य भुगतान तुरंत कराया जाए। उन्होंने सडक़ निर्माण कार्य को प्राथमिकता से शुरू करने की भी अपील की, प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *