तेलंगाना टनल हादसा: 13KM अंदर फंसे आठ श्रमिक, कई फीट तक भरा कीचड़ बनी बाधा, बचाव दल भी नहीं जा पाया अंदर

तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम सुरंग नहर परियोजना के निर्माणाधीन खंड की छत का एक हिस्सा ढह जाने से आठ मजदूर अंदर फंस गए हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान बड़े पैमाने पर जारी है। लेकिन श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग में बचाव अभियान को रविवार सुबह बड़ा झटका लगा है। जब राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों के सामने सुरंग के ढह चुके हिस्से तक पहुंचने में बड़ी दिक्कतें खड़ी हो गई।

तेलंगाना के नागरकुरनूल में निर्माणाधीन SLBC सुरंग की छत ढहने की वजह से इंजीनियर समेत 8 लोग अंदर फंसे हुए हैं. उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है. NDRF, SDRF और सेना की टास्क फोर्स रेस्क्यू में जुटी हुई है. बचाव दल घटनास्थल का निरीक्षण करने गए थे लेकिन सुरंग के अंदर नहीं जा पाने के कारण वे वापस लौट आए.

सुरंग में फंसे लोगों में दो इंजीनियर, दो मशीन ऑपरेटर और चार श्रमिक शामिल हैं. दरअसल, यह घटना उस समय हुई जब कुछ मजदूर काम के सिलसिले में सुरंग के अंदर गए थे, तभी सुरंग के 12-13 किलोमीटर अंदर छत का एक हिस्सा ढह गया था. इस घटना में कुछ मजदूर घायल भी हुए. उन्हें फौरी तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने वहां के डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों को राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया. इसके बाद सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे. केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की.

पीएम मोदी ने CM रेड्डी को लगाया फोन

प्रधानमंत्री मोदी ने कल यानी शनिवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को फोन किया और सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर चर्चा की. उन्होंने बचाव प्रयासों में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

राहुल गांधी ने हादसे पर चिंता व्यक्त की
इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर चिंता जताई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि- उन्हें बताया गया है कि राज्य सरकार बचाव दलों के साथ, फंसे लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, मुझे बताया गया है कि बचाव अभियान जारी है और राज्य सरकार आपदा राहत दलों के साथ फंसे लोगों को बचाने का हर संभव प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *