दुकानदारों से ठेकेदार कर रहे जमकर अवैध वसूली
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना कमालगंज स्थित श्रृंगी ऋषि की प्रमुख तीर्थ स्थली श्रंगीरामपुर में महाशिवरात्रि पर्व पर गंगा तट पर हर साल लाखों श्रद्धालु मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, मैनपुरी, कन्नौज, एटा जिले से भक्त महाशिवरात्रि पर गंगा तट से गंगा जल ले जाकर अपने क्षेत्रीय मंदिरों में शंकर जी का अभिषेक करते हैं। जिससे तीन दिन तक श्रंगीरामपुर में कांवडिय़ों का मेला लगा रहता है। जिसमें प्रमुख रूप से कांवड़, श्रृंगार का सामान से लेकर खाने पीने तक की दुकानें भारी संख्या में लगाई जाती है। वहीं प्रशासन की तरफ से गंगा तट पर लाइट, गोताखोर, पार्किंग, वस्त्र बदलने के लिए स्थान, गंगा तट पर बैरिकेटिंग, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल की व्यवस्था की जाती रही है, लेकिन फिर भी दुकानदारों ने बताया कि कुछ लोग प्रशासन की मिलीभगत से पार्किंग और दुकान लगाने के नाम पर जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भी सुविधाओं के नाम पर काफी शिकायतें मिल रही हैं। गंगा तट पर जाने वाले रास्ते पर कीचड़ की वजह से वाहन स्वामियों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। भक्तों को पैदल चलकर गंगा तट तक पहुंचना पड़ रहा है। वहीं जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के लिए अस्थाई पुलिस चौकी बनाई है। साथ ही पीएसी भी बुलाई गई है। जाम से बचने के लिए रजीपुर खुदागंज चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल को लगाया गया है, लेकिन भीड़ ज्यादा होने पर हर साल जाम की स्थिति बनती है। जिससे निपटना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
महाशिवरात्रि पर श्रंगीरामपुर में कांवडिय़ों मेला शुरू
