फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भाजपा के संगठन द्वारा जनपद के 255 शक्ति केन्द्रों पर प्रदेश की योगी सरकार के शासनकाल के आठ वर्ष पूर्ण होने पर महा संपर्क अभियान चलाया गया। जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा सहित सभी मंडलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने शक्ति केन्द्रों पर पहुंचकर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी कार्यों वाले पत्रक घर-घर वितरित किए। सदर विधानसभा क्षेत्र के नगर पश्चिम मंडल के काशीराम कॉलोनी शक्ति केंद्र के मोहल्ला सलावत खां में मंडल अध्यक्ष वीर बहादुर पाल के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह ने प्रदेश सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। मानवेंद्र सिंह ने कहा विकसित भारत के निर्माण में भाजपा की सरकार निरंतर नए-नए प्रयासों से देश को निरंतर आगे ले जाने का कार्य कर रही है। महाकुंभ का सफल आयोजन करके योगी आदित्यनाथ ने देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में उत्तर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास पांडे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, नरेंद्र वर्मा, चंद्रसेन बिल्लू सक्सेना, प्रमोद दीक्षित रामबरन ने पत्रक वितरित किये। इस दौरान विक्रांत, राजू मिश्रा, मनोज पाल, गौरव शर्मा, रामकिशन दीक्षित, अजय चौहान, अनिल श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे। वहीं अमृतपुर विधानसभा के ब्लॉक राजेपुर में जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, कमालगंज ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि शील चंद्र राजपूत, मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी, अनुराग सिंह आदि के साथ राजेपुर के मुख्य बाजार में प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी वाले पत्रक वितरित किए। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा का स्वागत किया। राजेपुर ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया और संगठन के माध्यम से पत्रक वितरित किये गये। कायमगंज विधानसभा में शक्ति केंद्र पिथौरा की बूथ संख्या 273, 274 व 275 पर जिला मंत्री नवनीत पाल ने पत्रक वितरित किए।
भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर बांटे गये पत्रक
