संसद सदस्य सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
आबादी क्षेत्र में मार्गों पर लगायें संकेतक
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सांसद मुकेश राजपूत व जिलाधिकारी आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संसद सदस्य सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक सुशील शाक्य, विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक डा0 सुरभि गंगवार उपस्थित रही।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने समिति को बताया कि जनपद में वर्ष 2024 में 390 सडक़ दुर्घटनाओं में 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 301 व्यक्ति घायल हुये हैं। जबकि वर्ष 2023 में 401 सडक़ दुर्घटनाओं में 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 269 व्यक्ति घायल हुये थे। गत वर्ष के सापेक्ष सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई ह, जबकि मृतकों एवं घायलों की संख्या में वृद्धि अत्यन्त ही चिन्ता जनक है। माह मार्च 2025 में 33 सडक़ दुर्घटनाओं में 22 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि माह मार्च 2024 में 42 सडक़ दुर्घटनाओं में 32 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। वर्तमान वर्ष में माह मार्च 2025 तक 98 सडक़ दुर्घटनाओं में 62 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि माह मार्च 2024 तक 93 सडक़ दुर्घटनाओं में 62 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। माह मार्च 2025 में जनपद में दुर्घटनाओं की संख्या में 21 प्रतिशत की कमी तथा मृतकों की संख्या में 31 प्रतिशत की कमी आई है। माह मार्च 2025 तक दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या स्थिर रही है।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने दुर्घटना के आंकड़ों के विश्लेषण में बताया कि मार्च 2025 में घटित 33 सडक़ दुर्घटनाओं में 24 सडक़ दुर्घटनाओं में एक वाहन दोपहिया रहा है, जबकि 6 ऐसी दुर्घटनायें घटित हुई हैं जिनमें दुर्घटना में शामिल दोनों वाहन दो पहिया रहे हैं। जनपद में अधिकतर दुर्घटनायें पूर्व में ब्लैक स्पॉट्स पर घटित होती थीं। वर्तमान में दुर्घटनाओं की संख्या अन्य जिला मार्ग, मुख्य जिला मार्ग तथा अन्य मार्गों पर अधिक हुई हैं। लगभग 60 प्रतिशत दुर्घटनाओं में शामिल एक वाहन दो पहिया वाहन है। वर्ष 2025 में माह मार्च तक हिट एण्ड रन की 24 दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 19 व्यक्तियों की मृत्यु हुई हैं तथा 17 व्यक्ति घायल हुये हैं। वर्ष 2024 में हिट एण्ड रन की 66 दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 43 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी तथा 28 व्यक्ति घायल हुये थे।
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि गत एक वर्ष में पुलिस विभाग द्वारा बिना हेल्मेट वाहन चलाने के अभियोग में 16367, बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने के अभियोग में 1707, रांग साइड वाहन चलाने के अभियोग में 316, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग में 310 ड्रंकन ड्राइविंग के अभियोग में 42, बिना लाइसेन्स के वाहन चलाने के अभियोग में 405 तथा सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग के अभियोग में 162 चालान किये गये हैं। पुलिस विभाग द्वारा रू0 44.58 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया है। गत एक वर्ष में परिवहन विभाग द्वारा बिना हेल्मेट वाहन चलाने के अभियोग में 2387, बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने के अभियोग में 524, रांग साइड वाहन चलाने के अभियोग में 628, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग में 106, बिना लाइसेन्स के वाहन चलाने के अभियोग में 340, सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग के अभियोग में 93 तथा माल वाहनो ंमें ओवरलोडिंग के अभियोग में 179 चालान किये गये हैं। परिवहन विभाग द्वारा रू0 244.65 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया है। सांसद ने दुर्घटनाओं को कम करने के लिये आबादी क्षेत्रों में मार्गों पर संकेतक लगाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग व एन0एच0ए0आई0 को दिये। इसके साथ ही हिट एण्ड रन मोटर दुर्घटना के पीडि़तों के लिये मुआवजा योजना-2022 के अन्तर्गत अज्ञात वाहन से घटित सडक़ दुर्घटना में मृत्यु की दशा में 2 लाख तथा गम्भीर रूप से घायल होने की दशा में 50 हजार के मुआवजा दिलानें के निर्देश दिये गये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी सुभाष चन्द्र प्रजापति, अधिशासी अभियन्ता लो0नि0वि0 मुरलीधर व अशोक कुमार, एआरटीओ प्रशा0 वृजेन्द्र नाथ चौधरी, बीएसए गौतम प्रसाद, डीआईओएस नरेन्द्र पाल सिंह, सीएमओ डा0 अवनीन्द्र कुमार सहित आदि मौजूद रहे।
हिट एण्ड रन दुर्घटनाओं के पीडि़तों को दिलायें मुआवजा: सांसद
