मुहल्ले के लोगों का आवागमन हुआ दुश्वार, देखा जा रहा गुस्सा
घटिया निर्माण की जांच कराकर जीर्णोद्धार कराए जाने की मांग
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत कार्यालय शमशाबाद के अंतर्गत नगर के मोहल्ला पलिया जहां कोई 3 महीने पूर्व लाखों रुपए की कीमत से नगर पंचायत शमसाबाद द्वारा मार्ग का निर्माण कराया गया था। मुहल्ले के लोगों के अनुसार बनने के कुछ समय बाद ही घटिया निर्माण की पोल खुलने लगी। बीते दिन उक्त मार्ग का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और आने जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग मुश्किलों का सबब बन गया। मोहल्ले के भंवर पाल और धर्मेंद्र बताते हैं कि 3 महीने पूर्व नगर पंचायत कार्यालय शमशाबाद द्वारा उक्त मार्ग का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य होने के दूसरे महीने में ही युक्त मार्ग जवाब दे गया। जगह-जगह गढ्ढों ने घटिया निर्माण की पोल उस वक्त खोल दी, जब इस मार्ग का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। मुहल्ले के लोगों ने जब जानकारी की, तो पता चला घटिया निर्माण के चलते मार्ग धराशाई हुआ है। फिलहाल मोहल्ले के लोगों ने आवागमन संबंधी समस्याओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर उक्त मार्ग की जांच कराकर जीर्णोद्धार कराए जाने की मांग की।
लाखों रुपए की लागत से निर्मित पलिया मार्ग हुआ धड़ाम
