फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में ग्यारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। शुभारम्भ गायत्री मंत्र और योग शास्त्र के प्रणेता महर्षि पतञ्जलि की योग प्रार्थना के साथ हुआ। शिक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र को सम्बोधित करते हुए विश्व समुदाय से अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का आवाह्न किया था। उनके आवाह्न पर 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 177 देशों ने इसका समर्थन करते हुए 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने के लिये अनुमोदन किया, तभी से प्रति वर्ष 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में सम्पूर्ण विश्व में मनाया जाता है। शिक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन तथा प्रणव, भ्रस्तिका, कपालभाति आदि प्राणायामों का अपने कुशल निर्देशन में अभ्यास कराते हुए उनसे होने वाले लाभों के बारे में बताया। वरिष्ठ शिक्षक डा0 सुनील कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रमाण, विपर्यय, विकल्प, निद्रा और स्मृति इन मुख्य पांच चित्तवृत्तियों पर नियंत्रण करना ही योग है। योग आत्मा को परमात्मा से जोड़ता है। उन्होंने अष्टांग योग की व्याख्या करते हुए बताया कि अहिंसा, झूठ न बोलना, लालच न करना, अपशब्द न बोलना, विषयों के प्रति आसक्त न होना ये पांच यम हैं। विभिन्न यौगिक क्रियाओं से मन संयमित होता है और उसमें सकारात्मक विचार आते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडिट्स व सदस्य उपस्थित रहे।
आर्मी पब्लिक स्कूल में योग दिवस पर स्वस्थ्य रहने के बताये गये गुर
