समाधान दिवस में सीडीओ व एएसपी ने सुनी जनसमस्याएं

94 प्रार्थना पत्रों में 7 का मौके पर किया गया निस्तारण
डॉक्टर गौरव राजपूत ने लगाया मेडिकल कैंप
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील सभागार में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र व एडिशनल एसपी डॉक्टर संजय सिंह ने की। मौके पर आए फरियादियों की समस्या को गहनता से सुना गया और निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान राजस्व विभाग के 39, पुलिस विभाग से 14, विकास विभाग से 16, विद्युत विभाग से चार, खाद्य एवं रसद विभाग से तीन व अन्य विभागों से संबंधित 18 तथा कुल 94 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि तेराकबरपुर निवासी पीडि़त इंद्रपाल ने ग्रामीणों द्वारा किए गए चकमार्ग पर कब्जा हटवा कर मिट्टी डलवाने की मांग की। सियाराम जाटव निवासी अमृतपुर ने सरकारी नाली जो दबंगों द्वारा बंद कर ली गई उसे खुलवाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। रामनिवास निवासी तेराखास ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि लेखपाल के द्वारा गलत आख्या प्रेषित की गई और बताया कि कुछ व्यक्ति गांव के बीचोबीच सुअर का पालन कर रहे हैं जिससे बीमारियां फैल रही हैं। रामप्रकाश निवासी कछुआ गाढा़ ने प्रार्थना पत्र दिया कि दबंग भू-माफिया जबरदस्ती खेत जोत रहे हैं तथा लेखपाल फर्जी निस्तारण कर रहा हैं। मुकेश चंद्र शर्मा निवासी करनपुर दत्त ने पी0सी0एफ 0 किसान सेवा केंद्र खुलवाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। रंजीत निवासी बिरसिंहपुर ने सार्वजनिक तालाब से अवैध कब्ज़ा हटाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। हरिओम मिश्रा निवासी गूजरपुर पमारान ने चकमार्ग पर मिट्टी व पुन: पैमाइश को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। इस मौके पर उप जिला अधिकारी अतुल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनींद्र कुमार, डीएफओ, खंड विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *