समृद्धि न्यूज। मानसून शुरू होते ही पहाड़ में भूस्खलन की घटनाएं सामने आने लगी हैं। सोमवार दोपहर जानकी चट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची के पास पहाड़ दरक गया। इस दौरान कई यात्री मलबे में दबे हैं। जानकीचट्टी चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौ कांची में यमुनोत्री मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। सोमवार को दोपहर के समय यमुनोत्री मार्ग पर अचानक से लैंडस्लाइड हुई। यह देख कुछ श्रद्धालुओं ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं कुछ फंस गए। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, एक श्रद्धालु घायल हुआ है, जबकि दो के मलबे में फंसे होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय अधिकारियों ने मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गढ़वाल मंडल के कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर लैंडस्लाइड की जानकारी आज दोपहर के समय हुई थी। आनन-फानन में रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचा गया। लैंडस्लाइड में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि दो मलबे में फंसे हैं। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है। आवागमन को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
