बांदा: ओवरलोड ट्रक सीज करने पर भाजपा विधायकों के समर्थकों ने एसडीएम की कार को घेरा, ड्राइवर को जैक की रॉड से पीटा

समृद्धि न्यूज। बांदा में खनन की जांच कर रहे एसडीएम और सीओ की टीम पर नरैनी में हमला हुआ। आरोप है कि ओवरलोड ट्रक सीज करने पर 25-30 लोगों ने एसडीएम की गाड़ी घेरकर ड्राइवर से मारपीट की और ट्रक छुड़ाने का दबाव बनाया। चालक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मौरंग लदे ओवरलोड दो ट्रक छुड़ाने रविवार रात पहुंचे भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी, एसडीएम अमित शुक्ला से भिड़ गए। आरोप है कि विधायक के सामने सर्मथकों ने कथित तौर पर एसडीएम को थप्पड़ जड़ दिए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की। इसके बाद विधायक और साथियों ने खुरहंड पुलिस चौकी में खड़े कराए ट्रकों को छोडऩे के लिए हंगामा किया। इस मामले में एसडीएम के वाहन चालक ने चार नामजद और 25-30 अज्ञात के खिलाफ 10 धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन उस रिपोर्ट विधायक का नाम नहीं है।
घटना रविवार रात करीब एक बजे की है। एसडीएम अमित शुक्ला और सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी पैगंबरपुर (गिरवां) के पास ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान जय कामतानाथ लिखे दो ट्रक को मौरंग से ओवरलोड पाए जाने पर सीज कर खुरहंड चौकी भेजा गया। इसके बाद टीम पैगंबरपुर के जरर मोड़ पर चेकिंग में जुटी थी, तभी रात आधा दर्जन चारपहिया गाडिय़ों से आए करीब 30 लोगों ने एसडीएम की सरकारी गाड़ी को घेर लिया। चालक कामता प्रसाद मिश्रा ने बताया कि हमलावरों में ललित गुप्ता निवासी इटरा, खुरहंड, आलोक सिंह, छोटकू द्विवेदी और बडक़ू द्विवेदी के नाम शामिल हैं। इनके साथ मौजूद लोगों के पास हॉकी, डंडे और जैक के रॉड थे। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। एसडीएम की गाड़ी को पलटाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर चालक को जमीन पर पटक कर पीटा गया और ट्रक छोडऩे का दबाव बनाया गया। चालक का आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर जैक के रॉड से हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने किसी तरह खुद को बचा लिया। घटना के दौरान पैगंबरपुर तिराहे पर अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को छोडक़र भाग खड़े हुए और बाहर सो रहे लोग भी डर के मारे अपने घरों में छिप गए। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।

क्या बोले विधायक?

मैंने रात में एसडीएम नरैनी को 10 बार फोन किया था। फोन नहीं उठने पर एसडीएम की लोकेशन ट्रेस कर साथियों के साथ पैगंबरपुर-जरर मार्ग पहुंचा। रात में जब खुरहंड चौकी पहुंचा तो पुलिसकर्मी नशे में थे। ट्रकों को छोडऩे के लिए कहा तो हेड कांस्टेबल विजय सिंह ने अभद्रता की। मैंने कोई अभद्रता नहीं की। मामले की जानकारी डीएम जे, रीभा को भी दी गई है। मामले को लेकर चर्चा है कि हमलावरों के साथ एक माननीय भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने ट्रक छोडऩे के लिए फोन पर दबाव बनाया था, लेकिन जब एसडीएम ने इनकार किया, तो गाड़ी पलटाने की कोशिश की गई और अभद्रता की गई। इस संबंध में सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने कहा कि वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे, लेकिन ट्रकों को छुड़ाने की कोशिश जरूर की गई थी। एसडीएम अमित शुक्ला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *