मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। कस्बा मोहम्मदाबाद ब्लाक गेट पर लगी बाबा साहेब डा0 अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर लगातार नेशनल हाईवे तोडफ़ोड़ करा रहा है। 80 के दशक में प्रशासन की देखरेख में लगाई गई डा0 अम्बेडकर प्रतिमा अब सडक़ चौड़ीकरण की जद में आ जाने से नेशनल हाईवे और शासन, प्रशासन प्रतिमा को अन्यत्र लगाने की कवायद नहीं कर रहा है। उल्टे जांच में झूठी आख्यायें लगाकर मांग पत्रों को रद्दी की टोकरी में डाल रहा है। प्रतिमा स्थल की बाउंड्री तोडक़र प्रतिमा के खम्बे तक सडक़ बिछा दी गई थी। अम्बेडकर प्रतिमा के सर्वेसर्वा रामदास सागर विगत काफी अर्से से मांग कर रहे हैं कि प्रतिमा को कस्बा चौराहे पर गोल घेरा बनाकर लगा दी जाए। प्रतिमा लगाने के लिए चौराहे पर पर्याप्त स्थान है, लेकिन शासन प्रशासन नहीं चाहता है कि चौराहे जैसी मुख्य जगह पर बाबा साहेब की प्रतिमा लगे। इस सम्बन्ध में रामदास सागर ने बताया है कि स्थानीय शासन, प्रशासन इस फिराक में है कि यह प्रतिमा कहीं उल्टी सीधी जगह पर लगवाकर समस्या निस्तारण हो जाये। जेसीबी ने आज प्रतिमा के खम्बे से सटाकर पीछे नाली बनाने के लिए खुदाई की, जबकि प्रतिमा के आगे खम्बे तक सडक़ बिछा दी गई है । विगत तीन वर्षों से लगातार इस समस्या के निस्तारण के लिए संघर्षरत रामदास सागर ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट तक न्याय पाने के लिए संघर्ष करेंगे।
अम्बेडकर प्रतिमा पर आज फिर चली जेसीबी
