संभल: अश्लील कंटेट पर महक-परी के खिलाफ पुलिस का एक्शन, भेजी गईं जेल

संभल: पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर महक और परी सहित चार लोगों को अश्लील कंटेट सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद की गई है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि असमोली थाना क्षेत्र के ग्राम शहबाजपुर कला की रहने वाली महक और परी दोनों सगी बहने हैं। 143 नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चला रही थी। दोनों इंस्टाग्राम पर अश्लील इशारे, गाली-गलौज और अभद्र भाषा वाले रील अपलोड कर रही थीं। पिछले छह महीने में 546 पोस्ट कर चुकी हैं। इन दोनों के 4.32 लाख फॉलोअर हैं। वहीं, ये खुद जिन 10 लोगों को फॉलो करती हैं, उनमें भी अश्लील कंटेंट ही परोसा जाता है। जब इन वीडियो को गांव के कुछ लोगों ने देखा तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए गांव में चर्चा शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बच्चों पर इसके दुष्प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस से शिकायत की थी। स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और बीएनएस की धारा 294बी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया कि महक और परी नाम की ये सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर डर्टी पिक्चर और गाली-गलौज से भरे वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर रही थीं, जिससे युवाओं पर गलत असर पड़ रहा था। पुलिस के अनुसार ये लोग अश्लीलता को प्रमोट कर सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता पाने की कोशिश में लगे थे। फिलहाल, पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है और इनके सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है। एसपी ने साफ कहा है कि इस तरह की अश्लीलता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, समाज में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *