चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: 1 अगस्त से 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी

समृद्धि न्यूज। बिहार में 1 अगस्त 2025 से हर घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। नीतीश सरकार के इस फैसले से बिहार के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा फायदा होगा। विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 1 अगस्त से राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त में दी जाएगी।

सीएम नीतीश ने (एक्स) पर लिखा हम लोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा। इसके साथ ही सरकार ने यह भी फैसला किया है कि अगले 3 वर्षों में इन परिवारों के घरों की छतों या नजदीकी सार्वजनिक स्थानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे बिजली की उपलब्धता और बढ़ेगी।

 सीएम ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे, उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी तथा शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली के 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा, साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *