शाहजहांपुर: ट्रेनी आईएएस ने उठक-बैठक लगाकर वकीलों से मांगी माफी

शाहजहांपुर: जिले में एक अनोखी घटना सामने आई जहां एक बवाल को शांत कराने के लिए नए एसडीएम साहब ने मंच पर कान पकडक़र उठक बैठक लगाई। एसडीएम की इस विनम्र पहल पर सभी अपनी अपनी प्रतक्रियाएं दे रहे हैं। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पुवायां तहसील में पिछले तीन दिनों से वकील आंदोलन कर रहे थे, इस बीच नए पदस्थ एसडीएम ने एक वकील को फटकार लगाई तो मामला और बिगड़ गया जिसके बाद उन्होंने शांति स्थापित करने के लिए यह कदम उठाया।
शाहजहांपुर में आईएएस रिंकू सिंह राही सोमवार रात पुवायां के एसडीएम का पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को ही चर्चा में आ गए। नवागत एसडीएम ने चार्ज लेने के बाद पहले ही दिन एक वकील के मुंशी को उठक बैठक लगवा दी और बाद में वकीलों के सामने खुद उठक बैठक लगाई। यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने सोमवार रात पुवायां में एसडीएम का पदभार ग्रहण किया था। मंगलवार को वह तहसील पहुंचे तो एक वकील का मुंशी दीवार के पास पेशाब करता मिल गया। एसडीएम ने मुंशी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि तहसील परिसर में शौचालय बने हैं, स्वच्छता की बात की जा रही है और वह खुले में पेशाब कर रहा है। एसडीएम ने मुंशी से कान पकड़वाकर उठक बैठक भी लगवाई।
सूत्रों की माने तो नवागत एसडीएम और ट्रेनी रिंकू सिंह वकीलों के बीच पहुंचे और सभी से मामला शांत करने की अपील की। जब लगातार वकीलों का गुस्सा बढ़ता गया तो इसके बाद वह मंच पर खड़े हुए और उन्होंने कहा कि इस तहसील का मैं सबसे बड़ा अधिकारी हूं, अगर मेरी बातों से किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं आप सभी से माफी मांगता हूं, इसके बाद उन्होंने खुद कान पकड़े और 5 उठक-बैठक लगाईं। इस विनम्र अपील के बाद वकीलों का गुस्सा शांत हुआ, हालांकि एसडीएम के इस कदम पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर रिकू सिंह का यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *