फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शहर क्षेत्र में बारिश से गलियों में जलभराव हो गया। लोगों के घरों में पानी घुस गया। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के तलैया फजल इनाम में स्टेट बैंक वाली रोड पर करीब तीन फीट तक गंदे नाले का पानी भर गया। इससे मोहल्ले में रहने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। मोहल्ले के लोगों को सडक़ पर जलभराव के बीच निकलते हुए उन्हें जाना पड़ा। कई बाइक सवार जब पानी से होकर निकले तो बीच में बाइक बंद हो गई। लोग धक्का मारकर निकलते नजर आए। सामान से लदा टेंपो जब सडक़ पर भरे पानी में पहुंचा तो गड्ढे में पहिया जाने से पलटने लगा। लोगों ने उसे संभालकर खड़ा किया। कई मोहल्लों में हुआ जलभराव। शहर में खटकपुरा, स्टेट बैंक वाली गली, लिंजीगन, कछियाना, विकास नगर, बढ़पुर, आवास विकास में कई जगह जलभराव हो गया। फतेहगढ़ में मोहल्ला हाथीखाना, भूसामंडी, मछली मंडी, सीएमओ कार्यालय के पीछे, पोस्टमार्टम हाउस में जलभराव सहित कई मोहल्लों में पानी भरा रहा। कई मोहल्लों में तो नालियों का कीचड़ सडक़ों पर आ गया। जिससे लोगों को निकलने बैठने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में लोग नगर पालिका को कोसते नजर आये।
रिमझिम बारिश से शहर जलमग्न, सडक़ें बनी तालाब, घरों में घुसा पानी
