गंगा के साथ रामगंगा के जलस्तर में भी वृद्धि, तटवर्ती गांवों पर मंडराने लगा बाढ़ का खतरा

मिर्जापुर (शाहजहांपुर। बुधवार को भी नरौरा बांध से डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी गंगा में छोड़े जाने से गंगा की बाढ़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। जलालाबाद – ढाईघाट, शमशाबाद,बिधूना स्टेट हाइवे और चौंरा – इस्लामनगर,बसोला संपर्क मार्ग पर गंगा की बाढ़ के पानी का बहाव और तेज हो गया है। फिर भी जरूरतमंद दुपहिया और चार पहिया वाहनों से निकलने को मजबूर हैं।गंगा की बाढ़ मीडिया की सुर्खियां बनने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलान तहसील में गंगा और रामगंगा नदियों में आ रही बाढ़ से बचाव के लिए प्रशासन ने 16 नावों की व्यवस्था की है। यही नहीं कागजों पर बाढ़ चौकियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल गंगा की बाढ़ ने जिले के सीमावर्ती फर्रुखाबाद जिले के ग्राम चितार, कमथरी, बांसखेड़ा, चौरा, भगवानपुर, बसोला नगला आदि गांवों में दस्तक दे दी है। चितार की नई बस्ती चौतरफा बाढ़ के पानी से घिर गई है। ग्रामीणों ने गांव से पलायन करके ढाईघाट गंगा पुल के समीप तिरपाल आदि लगाकर शरण ले ली है। वहीं शाहजहांपुर जिले की कलान तहसील के ब्लॉक मिर्ज़ापुर के ग्राम इस्लामनगर,आजाद नगर, मस्जिदनगला,भरतपुर,पैलानी,कटैला नगला,लोहार नगला,बटन नगला आदि गांवों के ऊपर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जलालाबाद – ढाईघाट, शमशाबाद स्टेट हाइवे के ग्राम चौरा से इस्लाम नगर जाने वाले संपर्क मार्ग पर ढाई से तीन फिट गहराई में बह रहे बाढ़ के पानी से ग्रामीण निकलने को मजबूर हैं। उधर बीते सांय से कोलाघाट में रामगंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि शुरू हो गई है। बाढ़ का पानी धीरे धीरे रामगंगा के बहाव क्षेत्र में फैल रहा है। जिससे रामगंगा के तटवर्ती गांवों के अलावा रामगंगा नदी से तीन चार किलोमीटर की परिधि में आने वाले गांवों बीघापुर, सिठौली, जरियनपुर,तारापुर,हरिहरपुर,मिर्ज़ापुर, कुतूलुपुर आदि गांवों की फसलों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।शाहजहांपुर जिले के सीमावर्ती फर्रुखाबाद जिले के डीएम ने अपने जिले की सीमा में बाढ़ से प्रभावित ग्राम चितार,गुटेटी दक्षिण में प्रभावित लोगों से मिलकर सांत्वना दे चुके हैं। जबकि शाहजहांपुर प्रशासन ने कलान तहसील के मिर्जापुर ब्लॉक के बाढ़ की जद में आने वाले गांवों का निरीक्षण तक करने की जरूरत नहीं समझी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *