मुंबई घूमने गए कटरा के दो युवकों की मौत से घरों में मचा कोहराम

मीरानपुर कटरा शाहजहाँपुर। सपनों की नगरी मुंबई घूमने गए मीरानपुर कटरा के दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर से लगभग 40 किलोमीटर दूर डाबरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव मिलने की सूचना से उनके परिवारों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतकों की पहचान मोहल्ला नादिरशाह निवासी अयान (20) पुत्र मकसूद तथा मोहल्ला मुगलान निवासी अरवाज (20) पुत्र कौसर के रूप में हुई है। दोनों युवक तीन दिन पूर्व अपने दोस्तों के साथ मुंबई घूमने के लिए रवाना हुए थे। परिजनों ने खुशी-खुशी उन्हें विदा किया था। यात्रा के दौरान युवकों की अपने परिजनों से कई बार मोबाइल फोन पर बातचीत भी हुई थी, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका नहीं जताई जा रही थी।

बुधवार सुबह मध्यप्रदेश जीआरपी द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि डाबरा स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे दो युवकों के शव मिले हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
जीआरपी चौकी प्रभारी साहब सिंह गुर्जर ने बताया कि शव रेलवे ट्रैक के समीप मिले हैं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, युवकों के साथ यात्रा कर रहे उनके दोस्तों से भी क्रमवार पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। मोहल्लों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग दोनों परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ग्वालियर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *