युवक की हत्या के मामले में परिजनों के जाम लगाने पर लिखा गया मुकदमा

कई बार पुलिस से शिकायत करने पर भी नहीं हुई कार्यवाही
कुत्ते के काटने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही के चलते एक बड़ी घटना सामने आई है। पालतू कुत्ते के काटने की शिकायत करने पर एक युवक को दबंगों द्वारा कई बार पीटा गया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि उसने मारपीट से लेकर पति की मौत तक कई बार थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। थक-हारकर पीडि़ता ने अब पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र लंगड़पुरा मौजा हुसैनपुर नौखण्डा निवासी प्रीति पत्नी स्व0 संदीप कुमार ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति संदीप कुमार 15 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे टहलने निकले थे, तभी चंद्रपाल निवासी वलीपुर के पालतू कुत्ते ने उन्हें काट लिया। संदीप ने जब चंद्रपाल के घर जाकर इस बात की शिकायत की, तो नाराज होकर चंद्रपाल, उसकी पत्नी और साले ने संदीप के साथ मारपीट की। आरोप है कि दबंगों का मन इतने से नहीं भरा। उसी दिन सुबह 9 बजे चंद्रपाल और उसके साले ने संदीप को दोबारा पीटा। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे जब संदीप दवा लेने याकूतगंज जा रहे थे, तब स्वास्थ्य उपकेंद्र वलीपुर चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें फिर से घेर लिया और जमकर मारापीटा। राहगीरों के बीच-बचाव करने पर संदीप की जान बच सकी।

उन्होंने इस घटना की शिकायत डायल 1076 पर की और 16 सितंबर को थाना कोतवाली फतेहगढ़ में भी लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर 17 सितंबर की शाम करीब 5 बजे चंद्रपाल, उसके भाई पिंटू, जयचंद और साले ने मिलकर संदीप को फिर से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस कू्रर पिटाई के चलते 18 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे संदीप एक खेत के पास अचेत अवस्था में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी प्रीति का आरोप है कि 18 सितंबर को पति की मौत के बाद जब वह रिपोर्ट लिखाने कोतवाली फतेहगढ़ गई, तो पुलिस ने उनकी एक न सुनी और कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है, तब भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को वहीं छोडक़र कोतवाली पहुंचे और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी व मुकदमे की मांग पर अड़ गये। काफी देर बाद क्षेत्राधिकारी ने कार्यवाही का भरोसा दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजन शव लेकर घर चले गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *