योगी सरकार अपने खर्चें पर मेधावी छात्रों को पढऩे के लिए भेजेगी विदेश, 19 प्रस्तावों पर लगी मोहर

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक भवन में कैबिनेट की बैठक सम्पन्न हुई। प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही 19 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, लघु उद्योग मंत्री राकेश सचान और उच्च शिक्षा मंत्री योगेश उपाध्याय ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी दी।Image

विदेश में पढ़ाई का खर्चा उठायेगी योगी सरकार

बैठक में सबसे चर्चित प्रस्ताव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर शुरू होने वाली नई छात्रवृत्ति योजना है। इस योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत हर साल 5 मेधावी छात्रों को ब्रिटेन के टॉप यूनिवर्सिटियों में मास्टर्स डिग्री के लिए भेजा जाएगा, और उनका पूरा खर्च सरकार उठाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने ब्रिटेन की सरकार के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय के साथ मिलकर इसे शुरू किया है। योजना के तहत उत्तर प्रदेश के उन होनहार छात्रों को मौका मिलेगा, जो आर्थिक तंगी के कारण विदेश में पढ़ाई का सपना नहीं पूरा कर पाते। हर साल 5 छात्रों को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों जैसे कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स, इंपीरियल कॉलेज ऑफ लंदन और किंग्स कॉलेज ऑफ लंदन में मास्टर्स डिग्री के लिए भेजा जाएगा। यह योजना 2025-26 से शुरू होगी और 2027-28 तक चलेगी। इसके बाद 30 मार्च 2028 तक इसे नवीनीकृत करने का विकल्प होगा।Image

मेधावी आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को दिया जायेगा मौका

उच्च शिक्षा मंत्री योगेश उपाध्याय ने बताया कि सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई उत्तर प्रदेश राज्य छात्रवृत्ति योजना को कैबिनेट की मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और देश के विकास में योगदान दे सकें। जिसके लिए उन्हें विदेश में शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा यूनाइटेड किंगडम के किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश के मेधावी आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को यह मौका दिया जाएगा।

प्रति छात्र इस योजना पर 38,048 से 42,076 पाउंड लगभग 45-50 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसमें से आधा खर्च, यानी 19,800 पाउंड करीब 23 लाख रुपये उत्तर प्रदेश सरकार देगी, और बाकी राशि ब्रिटेन का एफसीडीओ वहन करेगा। छात्रों को ट्यूशन फीस, परीक्षा और शोध शुल्क, रहने के लिए मासिक भत्ता, और इकोनॉमी क्लास का हवाई टिकट मुफ्त मिलेगा। कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, इंपीरियल कॉलेज ऑफ लंदन किंग्स कॉलेज ऑफ लंदन जैसे संस्थानों में पढ़ाई करने का मौका मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा। एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी और यूनिवर्स ऑफ ससेक्स में भी पढऩे का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *