समृद्धि न्यूज। एअर इंडिया का विमान संख्या एआई-2455 रविवार को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रहा था। रास्ते में मौसम खराब होने और तकनीकी समस्या का शक होने पर चालक दल ने विमान को चेन्नई की तरफ मोड़ दिया, जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया प्रवक्ता ने कहा कि विमान चेन्नई में सुरक्षित उतर गया, जहां विमान की जांच की जाएगी, बता दें कि लैंडिंग के बाद सांसद वेणुगोपाल ने इस घटना को एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचने जैसा बताया।
तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एक विमान को तकनीकी समस्या के कारण रविवार शाम चेन्नई भेजा गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरबस ए320 विमान द्वारा संचालित उड़ान संख्या एआई2455 दो घंटे से अधिक समय तक हवा में रही। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 10 अगस्त को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले एआई2455 के चालक दल ने संदिग्ध तकनीकी दिक्कत और मार्ग में खराब मौसम के कारण विमान को एहतियातन चेन्नई की ओर मोड़ दिया। विमान चेन्नई में सुरक्षित रूप से उतर गया। यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण उपलब्ध नहीं था।
यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था
प्रवक्ता ने आगे बताया कि विमान की चेन्नई में आवश्यक जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम यात्रियों को हुई पेरशानी के लिए माफी चाहते हैं। चेन्नई में हमारा ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए सहायता प्रदान कर रहा है और उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
विमान में सवार थे 5 सांसद
बता दें कि विमान में पांच सांसदों समेत कई यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। एयर इंडिया ने कहा कि विमान की चेन्नई में सुरक्षित लैंडिंग हुई। तिरुअनंतपुरम से उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या एआई 2455 में केरल के चार सांसद-कांग्रेस महासचिव केसी0 वेणुगोपाल, यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कोडिकुन्निल सुरेश और के0 राधाकृष्णन के साथ तमिलनाडु के सांसद रॉबर्ट बू्रस भी सवार थे।
बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचा विमान: वेणुगोपाल
कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल ने बताया कि एअर इंडिया के विमान में वह और कई सांसदों के साथ सैकड़ों यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि विमान एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गया। उन्होंने कहा कि विमान ने थोड़ी देरी से उड़ान भरी और फिर यह सफर बहुत मुश्किल हो गया। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हमें तेज और खतरनाक झटके महसूस होने लगे। करीब एक घंटे बाद, कैप्टन ने बताया कि उड़ान के सिग्नल में खराबी है और हमें चेन्नई जाना पड़ेगा। लैंडिंग से पहले हम लगभग एक घंटा 10 मिनट तक हवा में थे। उन्होंने कहा कि मैंने नागरिक उड्डयन महानिदेशक (डीजीसीए) को इस मामले की जानकारी पहले ही दे दी है।
