जब अमेरिका समर्थन करता है वे हमेशा अपना रंग दिखाते है
समृद्धि न्यूज। अमेरिका के दौरे पर गए पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भारत को परमाणु युद्ध की गीदड़भभकी दी थी। इसे लेकर भारत ने उन्हें जमकर लताड़ लगाई है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने अमेरिका की यात्रा के दौरान भारत को लेकर टिप्पणी की। अब असीम मुनीर के बयानों को लेकर विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने जो भारत को लेकर कथित टिप्पणियां की उस पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे पाकिस्तान की परमाणु तलवारें लहराने का उदाहरण बताया। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, परमाणु हथियारों की धमकी देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय खुद देख सकता है कि इस तरह के बयान कितने गैर जिम्मेदाराना है, ये बयान उस संदेह को भी और मजबूत करते हैं जो पहले से ही मौजूद है कि जिस देश में सेना आतंकवादी संगठनों के साथ मिली हुई है, वहां परमाणु हथियारों के नियंत्रण और जिम्मेदारी पर भरोसा नहीं किया जा सकता। भारत सरकार के सूत्रों ने कहा, पता चलता है कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों के मामले में एक गैर-जिम्मेदार देश है। पाकिस्तान में परमाणु हथियारों के गैर-सरकारी तत्वों के हाथों में पडऩे का वास्तविक खतरा है। पाकिस्तानी सेना प्रमुख का बयान एक चलन का हिस्सा है। वह यह है कि जब भी अमेरिका पाकिस्तानी सेना का समर्थन करता है तो वे हमेशा अपना असली रंग दिखाते हैं। यह इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है। यह उनकी सेना है, जो नियंत्रण करती है।
अमेरिका को भी लपेटा
विदेश मंत्रालय ने बयान में अमेरिका को भी लपेटा। बयान में अमेरिका का जिक्र करते हुए कहा गया, यह भी अफसोस की बात है कि ऐसे बयान उस देश की धरती से दिए जा रहे हैं जिससे भारत के अच्छे रिश्ते हैं। भारत पहले ही यह साफ कर चुका है कि वो परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा, हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए जरूरी सभी कदम उठाते रहेंगे।
हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर यह गीदड़भभकी देने से भी नहीं चूके कि अगर भविष्य में भारत के साथ युद्ध में उनके देश के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वो इस पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक देंगे। मुनीर ने कहा कि हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं और अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। इसी के साथ पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने सिंधु नदी का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा, भारत सिंधु नदी पर डैम बनाने जा रहा है, पहले डैम बनने दीजिए फिर हम उसे मिसाइल अटैक कर तोड़ देंगे।
