समृद्धि न्यूज। पाक के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टों ने भारत को धमकी दी है। भुट्टो ने कहा है कि अगर भारत सिंधु जल संधि को स्थगित रखता है तो उसे युद्ध के लिए तैयार रहना होगा। इससे पहले पाक सेनाध्यक्ष आसिम मुनीर ने भी परमाणु हथियार का जिक्र किया था, मुनीर ने कहा था कि हम डूबे तो आधी दुनिया को ले डूबेंगे।
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान के सिंधु पर तारीखी हमला किया गया है। सिंधु दरिया पाकिस्तान की जनता का एक मात्र रिसोर्स है। जब पीएम मोदी ने इस दरिया के खिलाफ हमला करने का ऐलान किया तो वो हमारी तहजीब और शफकत पर हमला करने का ऐलान किया। बिलावल भुट्टो ने कहा, मैं समझता हूं कि पाकिस्तान की आवाम हो या भारत की अपनी आवाम हो, वो अपनी हुकूमत के इस फैसले के खिलाफ है। मैं दुनियाभर में पहुंचा हूं। अमेरिका से लेकर यूरोप तक, हमने पाकिस्तान के प्वाइंट्स उठाए हैं। पीएम मोदी ने सिंधु पर जो हमला किया है, उसके बारे में पूरी दुनिया को बताया। उन्होंने तारीखी तौर पर ये फैसले किए हैं। पहले भी हमने कितनी जंग लड़ीं, लेकिन किसी ने ये नहीं सोचा कि सिंधु पर इस तरीके से हमला करने का ऐलान करे और डैम बनाने का ऐलान करे। पाकिस्तान की 200 मिलियन आवाम को ये धमकी देना कि हम आपका पानी रोक देंगे, हमने इस धमकी के खिलाफ दुनियाभर में आवाज उठाई है।
पाक अमन की बात करता है, भारत की जंग की
बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान ने कभी जंग नहीं छेड़ी, हम अमन की बात करते हैं, पाकिस्तान के सुप्रीम लीडर जहां भी गए, उन्होंने अमन की बात की और भारत ने जंग की बात की, लेकिन अगर जंग छेड़ी गई तो हम शाह अब्दुल की धरती से मोदी सरकार को बताना चाहते हैं कि हम पीछे नहीं हटते, हम पीछे नहीं झुकते, हम ये बताना चाहते हैं कि अगर भारत इस तरह के हमले के बारे में सोचेगा तो फिर पाकिस्तान के हर सूबे की आवाम मुकाबला करने के लिए तैयार है, ये ऐसी जंग है जो भारत जरूर हारेगा। बिलावल ने पाकिस्तान की जनता से अपील करते हुए कहा इस जद्दोजहद में मुझे आपकी जरूरत है। हमें एक होकर पीएम मोदी के हमले के इरादे के खिलाफ आवाज उठाना है और जद्दोजहद करना है ताकि इस जुल्म को भी हम रोक सकें।
आसिम मुनीर ने दी थी परमाणु युद्ध की धमकी
अमेरिका दौरे पर गए पाक सेनाध्यक्ष ने वहां एक कार्यक्रम के दौरान भारत को परमाणु युद्ध की धमकी दी थी। सिंंधु जल संधि का जिक्र करते हुए आसिम मुनीर ने कहा था कि हम परमाणु संपन्न देश हैं। अगर हमें डुबाने की कोशिश हुई तो हम अपने साथ आधी दुनिया को ले डूबेंगे। मुनीर यही नहीं रुके थे, उन्होंने यहां तक कह दिया था कि भारत सिंधु नदी पर डैम बनाने जा रहा है, इसे बनने दीजिए हम मिसाइल से उसे तोड़ देंगे।
