विवेचना किसी अन्य सर्किल से कराकर दोषियों की गिरफ्तारी की एसपी से मांग


दबंगों ने जान से मारने की नियत से युवक को मारी थी गोली
सीओ अमृतपुर पर विवेचक पर दबाव बनाकर अपने तरीके से विवेचना सम्पादित कराने का आरोप
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुरानी रंजिश में दबंगों द्वारा जान से मारने की नियत से गोली मारकर मरणासन कर देने के मामले में की जा विवेचना में पीडि़ता ने क्षेत्राधिकारी अमृतपुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह विवेचक को दबाव बनाकर अपने तरीके से विवेचना सम्पादित करवा रहे है। इसलिए पीडि़ता को न्याय की उम्मी नहीं है। पीडि़ता ने मामले की विवेचना किसी अन्य सर्किल से करवाकर दोषियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की मांग की।थाना राजेपुर के ग्राम कड़क्का निवासी पीडि़ता रोहिणी दुबे पत्नी शैलेन्द्र बाबू दुबे ने पुलिस अधीक्षक को दिये गये शिकायती पत्र में दर्शाया कि २७ नवम्बर २०२२ को रात्रि लगभग ९:३० बजे उसका पति शैलेन्द्र बाबू द्विवेदी उर्फ शिवा पुत्र नागेन्द्र बाबू द्विवेदी कस्बा राजेपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी कड़क्का बांध मार्ग पर पहले से घात लगाये बैठे रामप्रकाश पुत्र चेतराम व उसका पुत्र सोनू निवासीगण अलीगढ़ राजेपुर ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पति को घेर लिया और मारपीट करने लगे। आरोपियों के हाथों में नाजायज असलाह थे। रामप्रकाश ने बंदूक व सोनू उसके साथियों ने तमंचे से पति को जान से मारने की नियत से गोली चला दी। जो पीडि़ता के पति को लगी। आरोपीगण पति को मरा समझकर छोड़कर भाग गये। सूचना पर मैं पहुंची और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। हालत बिगडऩे पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। उसके बाद पति को एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां अब भी इलाज चल रहा है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया है। पीडि़ता ने घटना के संबंध में थाना राजेपुर में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। पुलिस पति से पूछताछ कर बयान दर्ज कर चुकी है। इसके बाद उच्च न्यायालय में याचिका प्रस्तुत की। जिसमें तीन माह के अंदर विवेचना समाप्त करने का आदेश दिया गया था। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर विवेचक पर नाजायज दबाव बनाकर अपने तरीक से विवेचना सम्पादिक करवा रहे है। जिसकी बजह से पीडि़ता को न्याय की उम्मीद नहीं है। पीडि़ता ने उक्त मामले की विवेचना किसी अन्य पुलिस सर्किल से कराकर दोषियों को गिरफ्तार किये जाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *