समृद्धि न्यूज। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 15 अगस्त को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक की थी। बैठक में यूके्रन में युद्ध विराम को लेकर चर्चा की गई, लेकिन युद्ध विराम लागू करने पर सहमति नहीं बनी। अब रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को फोन करके बैठक के बारे में जानकारी दी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। इस बातचीत में पुतिन ने नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को अलास्का में हुई अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक में क्या बात हुई इसकी जानकारी दी है। पुतिन का ये फोन इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि आज रात को ही यूरोपीय नेता जेलेंस्की के साथ ट्रंप से वाशिंगटन में मुलाकात करने वाले हैं।
पीएम मोदी ने अपने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन को उनके फोन कॉल और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी हालिया मुलाक़ात के बारे में जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद। भारत ने यूकेे्रन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है, मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान प्रदान की आशा करता हूं। उन्होंने दोहराया कि भारत इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर भी चर्चा की।
