ठेकेदार व पुलिस की अनसुनी से परेशान युवक का जामुन के पेड़ से लटका मिला शव

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। मौरावां थाना क्षेत्र के पटेढा गांव निवासी मोहित 20 वर्ष पुत्र छेदीलाल का शव घर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर जामुन के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। शव देखते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मोहित अलीगढ़ स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था । जा गांव के ठेकेदार हंसराज रावत मोहित सहित 12 मजदूरों को वहां काम के लिए ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि हंसराज मजदूरी के रुपए देने में टालमटोल कर रहा था। मोहित ने कई बार रूपये मांगे और शिकायत भी की , लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मृतक के भाई रोहित ने बताया कि मंगलवार को मोहित थाने भी गया था और कहा था अगर सुनवाई नहीं होगी तो अब थाने नहीं आऊंगा।
इसके बाद वह बेहद उदास था और बुधवार तड़के घर से निकल गया। थोड़ी देर बाद उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। मां छेदाना और भाई सोहित, रोहित, सुजीत रो-रोकर हाल बेहाल है।
थाना प्रभारी कुँवर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक ने शिकायती पत्र दिया था, जिसकी जांच चल रही थी। यह मामला अलीगढ़ क्षेत्र के लेन-देन विवाद से जुड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *