मोहम्मदाबाद के ग्राम नगला समई में बिजली गिरने युवक की मौत
नवाबगंज में चार युवक घायल, दर्जनों मवेशी काल के गाल में समाये
कमालगंज के रुनी चुरसई में कई विद्युत पोल उखड़े/पेड़ सडक़ पर गिरा
कायमगंज/कमालगंज/मेरापुर में भी बिजली गिरने से आधा सैकड़ा पशु मरे
नवाबगंज/कमालगंज/मेरापुर/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। रविवार शाम को आये आधी पानी ने भारी तबाही मचायी है। आंधी में जहां फसलें खेतों में बिछ गयीं, वहीं कई पेड़ टूटकर सडक़ व बिजली के तारों पर जा गिरे। जिससे बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। इसके साथ आकाशीय बिजली गिरने से आधा सैकड़ा पशु गाल के गाल में समा गये, वहीं एक युवक की मौत हो गयी, जबकि कई युवक घायल हो गये। जिन्हें खैराती अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक घना अंधेरा छा गया। इसके साथ ही तेज हवायें चलने लगीं और पानी बरसने लगा। जिससे किसानों की धान व मक्का की फसलें खेतों में ही बिछ गयीं। कई पेड़ टूटकर सडक़ पर गिर गये। जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। कुछ पेड़ बिजली के तारों पर गिर गये। जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी।
वहीं थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव गनेशपुर निवासी सतीश चंद्र रविवार दोपहर अपनी बकरियो ंको चराने गांव गिलौंदा के पास खेतों की ओर गया था. तभी शाम लगभग साढ़े चार बजे तेज हवाओं के साथ हुई बरसात से बचने के लिए सतीश चंद्र अपनी बकरियों के साथ एक पेड़़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सतीश चंद्र की लगभग 34 बकरियो की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजयवीर यादव ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ यादव को सूचना दी।
लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर आंकलन किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजयवीर सिंह यादव ने बताया कि करन सिंह के 17 व सतीश चंद्र के 17 बकरा बकरियों की आकाशीय बिजली से मौत हो गई। इससे इन्हें काफी नुकसान हुआ है। वहीं गांव बरमपुरी नाहर सिंह पुत्र बलधारी की भैंस की ऊपर आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी।
थाना नवाबगंज के गांव मिलकिया कांधेमई निवासी रिषभ यादव 14 वर्ष पुत्र जसवीर, आकाश यादव उर्फ दूसा 26 वर्ष पुत्र राजेंद्र सिंह, अंकित यादव 17 वर्ष पुत्र मुलायम सिंह, रोहन 11 वर्ष पुत्र ओमकार खेतों की तरफ भैंस चराने गए थे। अचानक हुई तेज वारिश से बचने के लिए खेत में खड़े एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। समय करीब 4 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिरने से चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में रिषभ यादव को परिजनों ने नवाबगंज के एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। तो वहीं तीन लोगों को परिजनों ने सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया।
जहां मौजूद फार्मासिस्ट राजीव कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। वहीं ंनगर के मुहल्ला पुराना गनीपुर निवासी भूरे यादव का इन्वर्टर का बैटरा फट गया, पंखे फुंक गये। वहीं धीरज सक्सेना की छत पर बने कमरे के लेंटर का कुछ हिस्सा नीचे गिरने से परिजन बाल- बाल बचे। वहीं थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कनासी निवासी पियूष गंगवार की गाय घर के बाहर पेड़ के नीचे गाय बंधी थी, जिसकी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं ग्राम ब्रह्मपुरी निवासी संतोष कुमार की भैंस घर के बाहर पेड़ के नीचे बंधी थी। हो रही बरसात में आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मौत हो गई।
कमालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम आमानाबाद निवासी युवक रंजीत घर के बाहर खड़ा था, तभी पास में अचानक आकाशीय बिजली गिरी। जिससे युवक झुलस गया। परिजन टेंपो से सीएससी कमालगंज लाये। जहां पर प्राथमिक उपचार देकर युवक को घर भेज दिया गया। वहीं ग्राम पंचायत कतरौली पट्टी की माजरा टड़ौआ में आकाशीय बिजली गिरने से दो पालतू भैंसों की मौत हो गई। वही ग्राम जलारी रोड पर आकाशीय बिजली गिरने से बिजली के खंबे रोड पर गिर गए। जिससे आवागमन बाधित हो गया।
वहीं कमालगंज नगर में चल रहे गणेश महोत्सव में लगे पंडाल एवं टेंट उड़ गए। जिन्हें गणेश समिति द्वारा सही करवाया गया। विकास खंड कमालगंज के ग्राम रुनी चुरसई निवासी गिरन्द सिंह ने बताया कि उनकी धान की फसल खेतों में बिछ गयी। इसके अलावा मक्का की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। उसने बताया कि बिजली के चार पोल गिर गये हैं। जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी। एक पेड़ मार्ग पर गिर गया। जिससे सडक़ मार्ग अवरुद्ध हो गया।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव अजमतपुर कुऑ खेड़ा निवासी लल्लन बाबू श्रीवास्तव पुत्र लज्जाराम व धीरेन्द्र कुमार जाटव पुत्र खुशीराम जाटव की दो भैंसें बाहर पेड़ के नीचे बंधी थीं। तेज वारिश के चलते अचानक आकाशीय बिजली गरज कर नीचे गिरने से दो भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई। आकाशीय बिजली इतनी तेज गरज रही थी लोग अपने घरों में छुप गये। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से भैंसों की मौत हो गई। भैसों की कीमत लगभग 90-90 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं कोतवाली क्षेत्र के मद्दूपुर गांव में अचानक हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रजनी, उनका एक वर्षीय पुत्र अंशिव, रजनी के पति चंद्रशेखर और उनकी 12 वर्षीय ननद पूनम घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से किसी का हाथ तो किसी का पैर काम नहीं कर रहा है। वही कंपिल के निजामुद्दीनपुर निवासी उदयपाल भी आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को उनके परिजन तुरंत अस्पताल लाए। डॉक्टरों ने उनका इलाज कर उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से गांव में सभी डर गए।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला समई निवासी मुकेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र विवेक यादव पर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से दुखी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेक दोपहर के बाद भैंसों को चराने के लिए खेतों में गया था। लगभग 4:30 बजे आकाशीय बिजली विवेक के ऊपर गिर पड़ी। जिससे विवेक की दर्दनाक मौत हो गयी। विवेक की मौत की खबर सुनकर घटनास्थल भागते हुए परिजन पहुंचे तथा मृतक विवेक को घर ले आए। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बड़े भाई कुलदीप, राहुल तथा छोटा भाई अभिषेक तथा बहन आरती है। माता गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मुकेश यादव विकलांग हैं तथा खेती-बाड़ी से अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। घटना की सूचना पर मौके पर लेखपाल सचिन मिश्रा पहुंचे।
