समृद्धि न्यूज। उत्तर भारत में लगातार जारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई राज्यों में कल यानी 4 सितंबर को स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। अभिभावकों और छात्रों से अपील है कि वे छुट्टी की सही जानकारी के लिए अपने-अपने विद्यालय से अवश्य संपर्क करें।
देशभर में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश से दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक भारी तबाही देखने को मिली है। राजधानी दिल्ली और उसके आसपास का इलाका बारिश और बाढ़ के चपेट से नहीं बचा। लगातार हो रही बारिश और हरियाणा से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। यमुना का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। 3 अगस्त की रात तक यमुना का जलस्तर बढक़र 207.40 मीटर तक पहुंच सकता है, जो खतरे के निशान से दो मीटर से अभी अधिक है। दिल्ली के अलावा यूपी, बिहार और पंजाब में भी बारिश की वजह से बाढ़ की स्थित बनी हुई है।
यूपी में तीन दिन तक भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में बारिश की वजह से पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में 7 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे लोगों को आने वाले दिनों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर को राज्य के पश्चिमी इलाके में कुछ स्थानों पर और पूर्वी इलाके में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, 5 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 6 और 7 सितंबर को पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है, जबकि पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर ही बारिश होने की संभावना है।
यूपी के तीन जिलों में कल स्कूल बंद
मेरठ के डीएम डॉ0 वी0के0 सिंह ने जिले में तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने परिषदीय, राजकीय अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों, सीबीएसई, आईसीएससी और मदरसा बोर्ड से संबद्ध नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी छात्रों के लिए 4 सितंबर को भी अवकाश घोषित किया है। हापुड़ व मथुरा में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिले में 4 सितंबर को कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूल बंद रहेंगे।
भारतीय मौसम विभाग चंडीगढ़ यूनिट ने एक बार फिर पंजाब में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है और रेड अलर्ट जारी किया है।4 सितंबर को राज्य के पठानकोट और गुरदासपुर जिले ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं लुधियाना, मोहाली, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, होशियारपुर, जालंधर, अमृतसर, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब में ७ सितंबर तक अवकाश
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंजाब भर के सभी सरकारी/सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक 7 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे।
सात सितंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और डाइट को 7 सितंबर तक बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।
अंबाला, कैथल, रोहतक और झज्जर में शिक्षण संस्थान बंद
हरियाणा के अंबाला और झज्जर में शिक्षण संस्थानों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। यह फैसला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मौसम विभाग ने हरियाणा में पांच सितंबर तक बारिश की संभावना जताई है जिसके चलते प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
बिहार में भी बारिश का अलर्ट
बिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, कटिहार, पूर्णिया, जमुई, बांका, अररिया, किशनगंज और सिवान जिले के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बारिश के साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई है।
