अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया सम्मानित
सैफई (इटावा), समृद्धि न्यूज। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के भव्य दीक्षांत समारोह में आगरा निवासी डॉ. अनु यादव ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण का परचम लहराते हुए एमएस (नेत्र रोग) में उत्तर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति, प्राध्यापकगण, विशिष्ट अतिथिगण, सहपाठी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। समारोह का वातावरण अत्यंत भव्य और गरिमामय था। उपस्थित लोगों ने डॉ. अनु यादव को जोरदार तालियों और प्रशंसा भरे स्वर में सम्मानित किया।
डॉ. अनु यादव ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “मेरे लिए यह ऐतिहासिक पल है। इस सफलता के पीछे गुरुजनों का अमूल्य मार्गदर्शन, परिवार का अथक सहयोग और मेरा खुद का समर्पण है। मैं नेत्र रोगियों की सेवा व चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर उन्नति के लिए समर्पित रहूंगी।” उन्होंने विशेष रूप से अपने माता-पिता और शिक्षकों का आभार जताया।
सैफई क्षेत्र में डॉ. अनु यादव की इस उपलब्धि से खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई संदेश भेजकर गौरव महसूस किया।
सैफई गांव के प्रधान रामफल वाल्मीकि ने कहा, “डॉ. अनु यादव ने नेताजी मुलायम सिंह का सपना साकार करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
समाजसेवी रामकुमार यादव ने कहा, “डॉ. अनु यादव की मेहनत से साबित होता है कि सही दिशा व प्रयास से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।”
पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरिओम मिश्रा ने कहा, “डॉ. अनु यादव की यह उपलब्धि सैफई क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।”
