फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद अनूप कुमार गुप्ता ने जनपद दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठक ली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान की जिला कार्यशाला को संबोधित किया। मुख्य अतिथि अनूप गुप्ता ने सभी पदाधिकारी को अभियान को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं। अभियान की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए अभियान में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जुडऩे का आवाह्न किया।
अनूप कुमार गुप्ता ने कहा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों का रूप देना है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर के मध्य प्रदेश संगठन ने सेवा पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है, इसके अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री के 75वें जन्म दिवस पर जिला स्तर पर रक्तदान शिविर लगाकर न्यूनतम 75 यूनिट का रक्तदान होगा और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक बूथ के सार्वजनिक स्थानों पार्क, स्कूल, मंदिर, बस स्टैंड एवं ऐतिहासिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा और स्वच्छता ही सेवा का संकल्प दिलाया जायेगा। 17 सितंबर को सभी जिला अस्पतालों पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना जायेगा। पार्टी कार्यालय पर पीएम मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 19 सितंबर से 20 सितंबर के मध्य प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। युवा मोर्चा द्वारा नमो मैराथन कार्यक्रम का आयोजन होगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर प्रत्येक बूथ पर एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण होगा। पुष्पांजलि व संगोष्ठी का आयोजन होगा। 27 सितंबर से 28 सितंबर के मध्य जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा दिव्यांग जनों को नि:शुल्क आर्टिफिशियल उपकरणों का वितरण कार्यक्रम एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा। 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर जिले में विभिन्न स्थानों पर स्थापित गांधी प्रतिमाओं पर स्वच्छता एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जन्म जयंती मनाई जाएगी।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने आगामी स्नातक चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी वोट बढ़ाने का कार्य करें।
जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने बताया राजनीति में सेवा भाव ही सबसे बड़ा कर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन में बड़े-बड़े पदों पर रहते हुए सेवा भाव का स्वभाव रखते हुए कार्य किया है। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा संगठन के इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस अवसर पर सत्यपाल सिंह, डॉ0 भूदेव सिंह, रूपेश गुप्ता, ठा0 वीरेंद्र सिंह राठौड़, आलू वितरण संघ के सभापति विमल कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर, अमरदीप दीक्षित, नवनीत पाल, प्रबल त्रिपाठी, धर्मेंद्र राजपूत, अभिषेक बाजपेई, प्रभात अवस्थी, अभिषेक बाथम, सर्वेश कुशवाहा, ऋषिपाल सिसोदिया, नीरज अवस्थी, राजकुमार वर्मा, डॉ0 उदय प्रताप सिंह, जिला मंत्री गुरुचरन आजाद आदि लोग मौजूद रहे।
सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत पीएम का मनाया जायेगा जन्मदिन: अनूप गुप्ता
